विधानसभा उपचुनाव को लेकर दतिया में केंद्रीय सुरक्षा बल और पुलिस का फ्लैग मार्च

WhatsApp Channel Join Now
विधानसभा उपचुनाव को लेकर दतिया में केंद्रीय सुरक्षा बल और पुलिस का फ्लैग मार्च


दतिया, 22 जुलाई (हि.स.)। आगामी विधानसभा उपचुनाव-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दतिया पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों ने बुधवार को शहर के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन को सुरक्षा का संदेश देते हुए निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की गई।

पुलिस अधीक्षक मयूर खण्डेलवाल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनजीत सिंह चावला के नेतृत्व में आयोजित फ्लैग मार्च में एसडीओपी आकांक्षा जैन, दतिया पुलिस एवं केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान शामिल रहे। मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकाला गया।

फ्लैग मार्च के दौरान आमजन को विश्वास दिलाया गया कि विधानसभा उपचुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने अथवा शांति व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वाले असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों के विरुद्ध कड़ी और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मतदाताओं से बिना किसी भय या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की गई।

फ्लैग मार्च प्रारंभ होने से पूर्व अधिकारियों ने पुलिस बल एवं केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों को चुनाव संबंधी दायित्वों के बारे में आवश्यक ब्रीफिंग दी। इस दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता, अनुशासन एवं निष्पक्षता के साथ निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story