नवरात्रि में काली माता के पंडालों में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़, दतिया पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

WhatsApp Channel Join Now
नवरात्रि में काली माता के पंडालों में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़, दतिया पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च


दतिया, 13 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर दतिया और भांडेर नगर में माता के पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। सुबह से ही भक्त पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं, नवरात्रि और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए दतिया पुलिस ने मंगलवार को शहर के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन में सुरक्षा का भरोसा जगाया।

दतिया के खटिकयाना मोहल्ले में स्थापित मां काली के पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। यहां माता का भव्य श्रृंगार किया गया है और पंडाल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। सुबह और शाम होने वाली आरती तथा भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी उत्साह के साथ पूजा-अर्चना में शामिल हो रहे हैं।

इसी तरह चिरगांव रोड स्थित वाल्मीकि मोहल्ले में स्थापित मां काली की प्रतिमा भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। महिलाओं की ओर से आरती और भजन संध्या के आयोजन से धार्मिक माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो रहा है।

नवरात्रि के चलते नगर में चहल-पहल बढ़ गई है। विभिन्न सेवा समितियों की ओर से पंडालों में प्रसाद वितरण और जलपान की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। भक्तों का मानना है कि नवरात्रि में मां काली के दर्शन से शक्ति, साहस और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है।

प्रमुख मार्गों से निकला पुलिस का फ्लैग मार्च

नवरात्रि और दशहरा पर्व के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत चावला के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। मार्च भैरव मंदिर से शुरू होकर तिगैलिया, टाउन हॉल, बड़ा बाजार, पटवा तिराहा, किला चौक और दारूगर की पुलिया से होते हुए राजगढ़ चौराहे पर समाप्त हुआ।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने, कानून-व्यवस्था प्रभावित करने या किसी भी तरह की अवांछित गतिविधि में शामिल पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क हैं। शहर के प्रमुख मार्गों और रहवासी इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760327 Articles

Share this story