दतियाः जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 11 करोड़ की सरकारी भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त

WhatsApp Channel Join Now
दतियाः जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 11 करोड़ की सरकारी भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त


दतिया, 01 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े के निर्देश पर शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को दतिया शहर में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 11 करोड़ रुपये मूल्य की शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।

अनुविभागीय राजस्व अधिकारी लोकेंद्र सरल ने बताया कि कार्रवाई के दौरान दतिया गिर्द की शासकीय भूमि सर्वे नंबर 257 में लगभग 3.00 हेक्टेयर भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। संबंधित व्यक्तियों द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर पक्के निर्माण कर लिए गए थे, जिन्हें जेसीबी मशीन के माध्यम से हटाया गया। इसी प्रकार सर्वे नंबर 1233/1 में लगभग 0.40 हेक्टेयर भूमि पर भी अतिक्रमण पाया गया, जहां करीब 10 पक्के मकानों को ध्वस्त करते हुए भूमि को मुक्त कराया गया।

पूरी कार्रवाई के दौरान तहसीलदार बृजमोहन आर्य, राजस्व अमला, थाना सिविल लाइन पुलिस बल एवं नगर पालिका अमला मौके पर उपस्थित रहा और कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई। कलेक्टर वानखड़े ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story