दतिया : मूंगफली से भरी लोडिंग गाड़ी में लगी आग, ग्रामीणों की मदद से टला बड़ा हादसा

WhatsApp Channel Join Now
दतिया : मूंगफली से भरी लोडिंग गाड़ी में लगी आग, ग्रामीणों की मदद से टला बड़ा हादसा


दतिया/बसई, 18 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के दतिया जिले के बसई थाना क्षेत्र में सोमवार शाम मूंगफली से भरी एक लोडिंग गाड़ी में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, मूंगफली से भरी लोडिंग गाड़ी झांसी की ओर जा रही थी। इसी दौरान बसई-बरधुवा प्रधानमंत्री सड़क पर गाड़ी में लदे मूंगफली के बोरे ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों से टकरा गए। टकराते ही बोरों में आग लग गई और देखते ही देखते लपटें उठने लगीं।

आग लगते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने घरों से पानी लाकर आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने आग पर नियंत्रण पाया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि कुछ सामान जलने की जानकारी सामने आई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो लाखों रुपये का नुकसान हो सकता था और जानमाल का खतरा भी पैदा हो सकता था। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में आग बुझाने के लिए पर्याप्त संसाधन और फायर ब्रिगेड जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, जिसके कारण आपात स्थिति में लोगों को स्वयं ही प्रयास करना पड़ता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story