दतिया उपचुनाव: जीतू पटवारी ने किया जनसंपर्क, कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में वोट की अपील
दतिया, 20 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोमवार को दतिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिरोल, बुघेड़ा, बानोली, सीतापुर और मोहबा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठकें लीं तथा जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी कुँवर घनश्याम सिंह के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
बैठकों को संबोधित करते हुए पटवारी ने कहा कि दतिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा हुआ है और पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में है। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र में कांग्रेस के पक्ष में सकारात्मक माहौल बन रहा है और पार्टी को जनता का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर कांग्रेस की नीतियों और कार्यक्रमों को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। पटवारी ने कहा कि उपचुनाव क्षेत्र के विकास, किसानों, युवाओं, महिलाओं और आमजन से जुड़े मुद्दों के लिए महत्वपूर्ण है तथा मतदाताओं से कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन देने की अपील की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि दतिया की जनता विकास, जवाबदेही और जनहित के मुद्दों को ध्यान में रखकर मतदान करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच अपने वादों और नीतियों को लेकर लगातार संवाद कर रही है। बैठकों और जनसंपर्क अभियान में कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

