दतिया उपचुनाव: पहले राउंड में भाजपा को बढ़त, आशुतोष तिवारी 909 वोट आगे, दोपहर तक परिणाम आने की संभावना
भाजपा को 4,441, कांग्रेस को 3,532 और आजाद समाज पार्टी को 2,117 वोट, 15 राउंड में होगी मतगणना
दतिया, 03 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की सबसे चर्चित विधानसभा सीटों में शामिल दतिया उपचुनाव की मतगणना सोमवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। पहले राउंड की मतगणना में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने बढ़त बना ली है। उन्हें 4,441 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह को 3,532 वोट प्राप्त हुए हैं। इस प्रकार भाजपा ने शुरुआती दौर में 909 वोटों की बढ़त हासिल कर ली है। वहीं, आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी दामोदर यादव को 2,117 वोट मिले हैं, जिससे मुकाबले में तीसरे मोर्चे की भी उल्लेखनीय मौजूदगी दिखाई दे रही है।
मतगणना शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में 15 राउंड में संपन्न होगी। निर्वाचन आयोग ने मतगणना के लिए 21 टेबल लगाई हैं, जिनमें 20 टेबल ईवीएम और एक टेबल डाक मतपत्रों की गणना के लिए निर्धारित है। पूरी प्रक्रिया में करीब 350 अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए गए हैं। मतगणना स्थल को सुरक्षा की दृष्टि से छावनी में तब्दील कर दिया गया है। केवल अधिकृत पासधारकों को ही प्रवेश दिया जा रहा है तथा मोबाइल फोन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। ईवीएम की मतगणना शुरू होने से पहले टेबल नंबर-21 पर 451 डाक मतपत्रों की गणना शुरू की गई। निर्वाचन अधिकारियों की निगरानी में मतगणना की पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संचालित की जा रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं निर्वाचन प्रेक्षकों की मौजूदगी में प्रत्येक राउंड के परिणाम जारी किए जा रहे हैं।
भाजपा के लिए सकारात्मक संकेत, गोराघाट से मिली शुरुआती बढ़त
पहले राउंड में गोराघाट क्षेत्र के वोटों की गिनती हुई। यह क्षेत्र पिछले चुनावों में भाजपा के लिए चुनौतीपूर्ण माना जाता रहा है, लेकिन इस बार यहीं से पार्टी को शुरुआती बढ़त मिली है। राजनीतिक जानकार इसे भाजपा के लिए सकारात्मक संकेत मान रहे हैं। हालांकि अभी 14 राउंड की मतगणना शेष है और अंतिम परिणाम तक तस्वीर बदलने की संभावना बनी हुई है।
आशुतोष तिवारी ने दोहराया जीत का दावा
भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी सुबह मतगणना स्थल पहुंच गए। उन्होंने एक बार फिर अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि जनता ने विकास और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें सभी वर्गों का समर्थन मिला है और अंतिम परिणाम भाजपा के पक्ष में रहेगा। वहीं उपचुनाव के नतीजे आने से ठीक एक दिन पहले रविवार को कांग्रेस ने पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की प्राथमिक सदस्यता निलंबित कर दी है। इस पर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने प्रतिक्रिया देने से मना कर दिया। उन्हाेंने कहा- ये उनके कुनबे की बात है। मैं दूसरे के परिवार पर टिप्पणी करने का स्वभाव नहीं रखता।
आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी दामोदर यादव मतगणना स्थल पर पहुंचे
दतिया में आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी दामोदर यादव मतगणना स्थल पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने अपनी जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा- पहले राउंड में जरूर हम पीछे हैं लेकिन अभी गिनती शुरू हुई है। हो सकता है कि फोर्थ राउंड से हमें लीड मिल जाए। पूर्व विधायक राजेंद्र भारती के कांग्रेस से निलंबन को लेकर उन्होंने कहा- जो भी हुआ है, सही हुआ है। अब देखना ये होगा कि भाजपा कब नरोत्तम मिश्रा का निष्कासन करती है।
71.44 प्रतिशत हुआ था मतदान
दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान हुआ था। कुल 2,20,410 मतदाताओं में से 1,57,473 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रतिशत 71.44 रहा, जो वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव की तुलना में लगभग 9 प्रतिशत कम है। निर्वाचन के दौरान कुछ मतदान केंद्रों पर फर्जी मतदान और बूथ कैप्चरिंग के प्रयासों के आरोप भी लगे थे, जिनकी जांच निर्वाचन आयोग के स्तर पर की गई।
दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को सहकारी ग्रामीण विकास बैंक घोटाला मामले में दो वर्ष की सजा मिलने के बाद रिक्त हुई थी। इसके चलते निर्वाचन आयोग ने यहां उपचुनाव कराया। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को 7,742 मतों से पराजित किया था। इस उपचुनाव को भाजपा की प्रतिष्ठा और कांग्रेस की साख से जोड़कर देखा जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

