दतिया उपचुनाव: भाजपा ने जीतू पटवारी के खिलाफ निर्वाचन आयोग से की शिकायत, सख्त कार्रवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now
दतिया उपचुनाव: भाजपा ने जीतू पटवारी के खिलाफ निर्वाचन आयोग से की शिकायत, सख्त कार्रवाई की मांग


भोपाल, 28 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के कथित भड़काऊ और आचार संहिता के उल्लंघन वाले बयानों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्य प्रदेश से शिकायत दर्ज कराई है।

भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात कर दो अलग-अलग शिकायतें सौंपते हुए पटवारी के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग की। भाजपा की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कांग्रेस संभावित चुनावी हार से बौखलाकर मतदाताओं को भ्रमित करने और चुनावी माहौल को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। शिकायत में कहा गया है कि जीतू पटवारी चुनावी सभाओं में बिना किसी साक्ष्य के निराधार और तथ्यहीन आरोप लगा रहे हैं, जिससे स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

भाजपा ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि एक सार्वजनिक सभा के दौरान जीतू पटवारी ने पुलिस प्रशासन के प्रति आपत्तिजनक और धमकीपूर्ण भाषा का इस्तेमाल किया। पार्टी का कहना है कि चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों के खिलाफ इस तरह की बयानबाजी न केवल उनके मनोबल को प्रभावित करती है, बल्कि कार्यकर्ताओं को कानून हाथ में लेने के लिए भी प्रेरित कर सकती है।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मांग की कि संबंधित भाषणों के वीडियो साक्ष्यों की तत्काल जांच कर आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों के तहत उचित कार्रवाई की जाए। साथ ही दतिया उपचुनाव के दौरान शांतिपूर्ण, स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा भड़काऊ और धमकीपूर्ण बयानों पर रोक लगाने की भी मांग की गई।

भाजपा का कहना है कि लोकतंत्र में चुनाव विकास, जनसमर्थन और नीतियों के आधार पर लड़े जाने चाहिए, न कि आरोप-प्रत्यारोप, धमकियों और भ्रामक प्रचार के माध्यम से। पार्टी ने निर्वाचन आयोग से निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए मामले में शीघ्र हस्तक्षेप की अपेक्षा जताई है। फिलहाल इस मामले में कांग्रेस या जीतू पटवारी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story