दतिया उपचुनाव के संबंध में भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष रखे महत्वपूर्ण सुझाव
-85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं व दिव्यांगों को घर से मतदान की सुविधा मिले
भोपाल, 06 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को दतिया विधानसभा उपचुनाव के संबंध में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा आयोजित राजनीतिक दलों की बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, समावेशी एवं मतदाता हितैषी बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा के प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी एवं निर्वाचन आयोग समन्वय विभाग के प्रदेश संयोजक एस.एस. उप्पल शामिल हुए।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से आग्रह किया कि 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों तथा दिव्यांग श्रेणी के लगभग 2,500 पंजीकृत मतदाताओं को निर्वाचन आयोग के प्रावधानों के अनुरूप उनके निवास से मतदान (होम वोटिंग) की सुविधा प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराई जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) के दौरान जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, उनके मामलों की गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ समीक्षा की जाए, जिससे पात्र मतदाताओं के अधिकारों की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। बैठक में पार्टी के निर्वाचन आयोग समन्वय विभाग के प्रदेश संयोजक एस.एस. उप्पल ने भारत सरकार द्वारा नियुक्त किए जाने वाले चुनाव पर्यवेक्षकों के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

