दतिया उपचुनाव: अवधेश नायक ने कांग्रेस मंच से किया प्रचार, अटकलों पर लगाया विराम

WhatsApp Channel Join Now
दतिया उपचुनाव: अवधेश नायक ने कांग्रेस मंच से किया प्रचार, अटकलों पर लगाया विराम


दतिया, 18 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशियों के बीच मुकाबला अब और दिलचस्प होता जा रहा है। उपचुनाव के बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता अवधेश नायक ने पहली बार सार्वजनिक रूप से कांग्रेस के चुनाव प्रचार में हिस्सा लेकर अपने राजनीतिक रुख को स्पष्ट कर दिया। पिछले कुछ दिनों से उनके भविष्य और संभावित राजनीतिक निर्णय को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार अभियान शुरू कर दिया।

शनिवार को रामनगर में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में अवधेश नायक ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के साथ मंच साझा किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह के पक्ष में मतदान करने की अपील की और चुनाव में एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।

दतिया उपचुनाव के लिए अवधेश नायक को कांग्रेस का संभावित उम्मीदवार माना जा रहा था। हालांकि टिकट नहीं मिलने के बाद उनकी नाराजगी की चर्चाएं राजनीतिक गलियारों में लगातार बनी रहीं। इसी दौरान उन्हें मनाने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उनसे संपर्क बनाए रखा, जबकि भाजपा नेताओं की ओर से भी उनसे मुलाकात और संपर्क की चर्चाएं सामने आती रहीं।

सभा को संबोधित करते हुए अवधेश नायक ने कहा कि उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर कई तरह की अफवाहें फैलाई जा रही थीं। उन्होंने बताया कि किसी भी निर्णय से पहले उन्होंने अपने परिवार, समर्थकों और कार्यकर्ताओं से चर्चा की। सभी से विचार-विमर्श के बाद उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह के समर्थन में सक्रिय रूप से चुनाव प्रचार करने का निर्णय लिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक भ्रम की स्थिति पैदा करने की कोशिश की गई, लेकिन अब उन्होंने अपना पक्ष स्पष्ट कर दिया है। साथ ही कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठित होकर चुनाव लड़ने और कांग्रेस प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।

दतिया विधानसभा उपचुनाव में प्रमुख दलों के बीच चुनाव प्रचार तेज हो गया है। ऐसे में अवधेश नायक के सक्रिय प्रचार में उतरने को स्थानीय राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story