दमोह में महिला ने तीनों बच्चों को कुएं में धकेलने के बाद खुद भी लगाई छलांग, मां और दाे बच्चाें की माैत, 5 साल की बेटी बची

WhatsApp Channel Join Now
दमोह में महिला ने तीनों बच्चों को कुएं में धकेलने के बाद खुद भी लगाई छलांग, मां और दाे बच्चाें की माैत, 5 साल की बेटी बची


दमोह, 20 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के जमुनिया गांव में मंगलवार सुबह एक महिला और उसके दो बच्चों की कुएं में डूबने से मौत हो गई, जबकि उसकी पांच साल की बेटी को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला ने पहले अपने तीनों बच्चों को कुएं में धकेला और फिर खुद भी उसमें कूद गई। जीवित बची बच्ची आरुषि ने ग्रामीणों को बताया कि उसकी मां ने पहले बच्चों को कुएं में धकेला था। हालांकि, घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

घटना मंगलवार सुबह की है। प्रभात फेरी के लिए निकले ग्रामीणों ने कुएं से बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनी। आवाज सुनकर वे मौके पर पहुंचे और कुएं में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने महिला और तीनों बच्चों को बाहर निकालकर पथरिया स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने महिला मंजू (28), उसकी चार वर्षीय बेटी अन्नू और तीन वर्षीय बेटे अनुज को मृत घोषित कर दिया। पांच वर्षीय आरुषि की जान बच गई।

मंजू के पति नेतराम उर्फ निजाम सिंह गौण ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे गांव की कुछ महिलाएं उनके घर पहुंचीं और पत्नी व बच्चों के कुएं में होने की जानकारी दी। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे। उनके मुताबिक, कुएं में दो बच्चों के शव पानी में तैरते दिखाई दिए। घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

पति ने कहा- हमारे बीच कोई विवाद नहीं था

मृतक महिला का पति नेतराम मजदूरी करता हैं। उसने पुलिस को बताया कि उनके और मंजू के बीच किसी तरह का विवाद नहीं था। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि मंजू ने यह कदम क्यों उठाया। मंजू की सास अनूप रानी ने भी घटना के कारणों की जानकारी होने से इनकार किया है।

मायके पक्ष ने लगाए मारपीट के आरोप

वहीं दूसरी तरफ मंजू की मां उमा रानी ने अपने दामाद पर शराब पीकर बेटी के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पहली बेटी के जन्म के समय मंजू मायके में रह रही थी। करीब एक साल बाद नेतराम उसे अपने साथ ले गया था। उस समय उसने शराब नहीं पीने और मारपीट नहीं करने का भरोसा दिया था। उमा रानी ने यह भी आरोप लगाया कि बेटी और बच्चों की मौत के बाद ससुराल पक्ष ने उन्हें घटना की सूचना नहीं दी। उन्हें दूसरे गांव के एक व्यक्ति के माध्यम से इसकी जानकारी मिली। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पथरिया थाना प्रभारी महेंद्र जगेत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। पुलिस ने तीनों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस परिजनों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764025 Articles

Share this story