दमोह में गेहूं खरीदी में गड़बड़ी पर सख्ती: उपार्जन केंद्र के चार जिम्मेदारों पर एफआईआर

WhatsApp Channel Join Now
दमोह में गेहूं खरीदी में गड़बड़ी पर सख्ती: उपार्जन केंद्र के चार जिम्मेदारों पर एफआईआर


दमोह, 03 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर चंपत पिपरिया उपार्जन केंद्र से जुड़े चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

रविवार को कलेक्टर प्रताप नारायण यादव की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय में जिला स्तरीय बैठक आयोजित हुई, जिसमें खरीदी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी तरह की असुविधा न हो और केंद्रों पर सही तौल, बिना लेनदेन के काम और समय पर रसीद उपलब्ध कराना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में बताया गया कि हाल ही में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने संयुक्त रूप से चंपत पिपरिया उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया था। इस दौरान किसानों से चर्चा में तौल प्रक्रिया, रसीद वितरण और उपज जमा कराने में गंभीर गड़बड़ियां सामने आईं। किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने की भी शिकायत मिली।

मामले को गंभीरता से लेते हुए समिति प्रबंधक, कंप्यूटर ऑपरेटर, वेयरहाउस मालिक और वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के एक कर्मचारी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराई गई। संबंधित आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई जारी है।

कलेक्टर ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि किसी भी उपार्जन केंद्र पर अवैध वसूली, गलत तौल या किसानों को परेशान करने की शिकायत मिली, तो संबंधित जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों से भी अपील की कि किसी प्रकार की गड़बड़ी होने पर तुरंत जिला कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज कराएं।

निरीक्षण के दौरान केंद्र पर जगह की कमी भी सामने आई थी, जिसके चलते किसानों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा था। इस समस्या के समाधान के लिए बड़ा परिसर उपलब्ध कराया गया है और पुराने स्टाफ को हटाकर नई टीम तैनात की गई है, ताकि खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता और गति लाई जा सके।

बैठक में किसानों के लिए छाया, पेयजल और बैठने जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। इस दौरान अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

Share this story