दमोह: पटाखा बाजार का पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
दमोह: पटाखा बाजार का पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण


दमोह, 06 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिला मुख्यालय स्थित स्थानीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के विशाल प्रांगण में संचालित पटाखा बाजार का शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने निरीक्षण किया। दीपावली पर्व के मद्देनजर बाजार में अग्नि सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने एक-एक दुकान का निरीक्षण किया और निर्धारित सुरक्षा मानकों के पालन की स्थिति देखी।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने दुकानों में अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, उनकी उपयोगिता तथा आगजनी की स्थिति में बचाव के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी ली। जिन दुकानों में अग्नि सुरक्षा से संबंधित आवश्यक उपकरण उपलब्ध नहीं पाए गए, उनके संचालकों को तत्काल व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान पटाखा विक्रेताओं को अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग की जानकारी भी दी गई। अग्निशमन यंत्रों को चलाकर उनकी कार्यप्रणाली समझाई गई, ताकि आपातकालीन स्थिति में दुकानदार बिना देरी किए उनका उपयोग कर सकें। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पटाखा कारोबार में सुरक्षा मानकों की अनदेखी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए सभी दुकानदार निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आज ही आवश्यक अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाएं पूर्ण नहीं की गईं तो संबंधित दुकानों के लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान बाजार में वाहनों की आवाजाही का विषय भी सामने आया। इस पर पुलिस अधीक्षक ने पटाखा बाजार में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाजार में अनावश्यक वाहनों की आवाजाही से भीड़ और दुर्घटना की आशंका बढ़ सकती है। इसलिए बाजार की व्यवस्था बनाए रखने तथा नागरिकों की सुरक्षा के लिए निर्धारित प्रतिबंधों का पालन कराया जाए।

निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने बताया कि पटाखा बाजार में जांच के दौरान जो कमियां सामने आई हैं, उन्हें दूर करने के निर्देश संबंधित दुकानदारों को दिए गए हैं। अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनके उपयोग के संबंध में भी विक्रेताओं को आवश्यक जानकारी दी गई है। सभी दुकानदारों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया है। बाजार में वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773656 Articles

Share this story