दमोह: सांदीपनि विद्यालयों के निर्माण में देरी पर ठेकेदार पर 3.68 करोड़ रुपये का जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now
दमोह: सांदीपनि विद्यालयों के निर्माण में देरी पर ठेकेदार पर 3.68 करोड़ रुपये का जुर्माना


दमोह, 30 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालयों के निर्माण कार्य में देरी और गुणवत्ता संबंधी शिकायतों को लेकर जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने बुधवार को कार्रवाई के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित समयसीमा में निर्माण कार्य पूर्ण नहीं किए जाने के मामले में संबंधित ठेकेदार पर 3 करोड़ 68 लाख 18 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

कलेक्टर ने बताया कि सांदीपनि विद्यालयों का निर्माण वर्ष 2025 में पूर्ण किया जाना निर्धारित था, लेकिन वर्ष 2026 में भी निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो पाया है। निर्माण में हुई देरी के कारण विद्यार्थियों को इन विद्यालयों के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं का लाभ निर्धारित समय पर नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी प्रशासन को शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इन शिकायतों को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि निर्माण स्थलों से आवश्यक सैंपल लेकर उन्हें परीक्षण के लिए भेजा जाए, ताकि निर्माण में उपयोग की गई सामग्री और कार्य की गुणवत्ता का तकनीकी परीक्षण कराया जा सके।

कलेक्टर ने कहा कि जांच और सैंपल टेस्टिंग के दौरान जहां भी निर्धारित मानकों के विपरीत निर्माण अथवा अनियमितता पाए जाने की पुष्टि होगी, वहां नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

प्रशासन द्वारा समयसीमा में निर्माण पूरा नहीं होने के मामले में लगाए गए जुर्माने और गुणवत्ता की जांच के निर्देश के बाद सांदीपनि विद्यालयों के निर्माण कार्यों की निगरानी और जवाबदेही का विषय महत्वपूर्ण हो गया है। अब निर्माण की गुणवत्ता से संबंधित शिकायतों पर होने वाली तकनीकी जांच तथा लंबित निर्माण कार्यों को पूर्ण कराने की दिशा में की जाने वाली कार्रवाई पर नजर रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

Share this story