दमोहः पुलिस ने 208 गुम मोबाइल बरामद कर वास्तविक मालिकों को लौटाए

WhatsApp Channel Join Now
दमोहः पुलिस ने 208 गुम मोबाइल बरामद कर वास्तविक मालिकों को लौटाए


दमोहः पुलिस ने 208 गुम मोबाइल बरामद कर वास्तविक मालिकों को लौटाए


दमोहः पुलिस ने 208 गुम मोबाइल बरामद कर वास्तविक मालिकों को लौटाए


दमोहः पुलिस ने 208 गुम मोबाइल बरामद कर वास्तविक मालिकों को लौटाए


दमोह, 21 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में पुलिस ने वर्ष 2026 में अब तक दमोह पुलिस ने 208 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 41 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने बताया कि जिलेभर में साइबर सेल और सभी थाना क्षेत्रों की टीमों द्वारा तकनीकी माध्यमों का उपयोग कर गुम हुए मोबाइल फोन ट्रेस किए जा रहे हैं। अभियान के तहत प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कई मोबाइल फोन खोजकर लोगों को राहत दिलाई है।

गुरुवार को आयोजित मोबाइल वितरण कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया तथा नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडे ने मोबाइल धारकों को उनके गुम मोबाइल वापस सौंपे। अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी और उन्होंने दमोह पुलिस के प्रयासों की सराहना की।

पूरे अभियान में दमोह साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका सामने आई है। साइबर सेल द्वारा तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल ट्रैकिंग और सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोन की जानकारी जुटाकर बरामदगी की कार्रवाई को अंजाम दिया गया। साइबर सेल और जिले के पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के समन्वय से यह अभियान लगातार सफलता हासिल कर रहा है।

पुलिस विभाग के अनुसार सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से कोई भी नागरिक अपने गुम मोबाइल की शिकायत दर्ज करा सकता है। शिकायत दर्ज होने के बाद तकनीकी टीम मोबाइल की लोकेशन और उपयोग संबंधी जानकारी के आधार पर कार्रवाई करती है।

दमोह पुलिस ने इससे पहले वर्ष 2025 में भी गुम मोबाइल खोज अभियान के तहत 540 मोबाइल फोन बरामद कर लोगों को वापस दिलाए थे, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 8 लाख रुपये थी। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल संबंधित थाना अथवा निर्धारित ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय पर कार्रवाई कर मोबाइल बरामद किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

Share this story