दमोहः 3 मई होने वाले नीट परीक्षा को लेकर जिले में तैयारियां तेज
दमोह, 30 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में 3 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी 2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। गुरुवार को कलेक्टर प्रताप नारायण यादव की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा के सफल और व्यवस्थित संचालन को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा इस वर्ष 3 मई, रविवार को देशभर में नीट परीक्षा आयोजित की जानी है। परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है, जबकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही दिया जाएगा। एजेंसी की ओर से परीक्षा को लेकर इस बार सुरक्षा और सत्यापन संबंधी प्रोटोकॉल भी सख्त किए गए हैं।
बैठक में कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने अधिकारियों से कहा कि जिन्हें जो दायित्व सौंपे गए हैं, वे उन्हें पूरी जिम्मेदारी के साथ पूरा करें ताकि परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर डॉक्टर, स्वास्थ्य अमला, प्राथमिक उपचार सामग्री तथा एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। गर्मी के मौसम को देखते हुए परीक्षार्थियों के लिए पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया कि प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन, जमा व्यवस्था, परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, अभ्यर्थियों की जांच तथा बाहरी गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा होने के कारण सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन होना चाहिए।
बैठक में पोस्ट ऑफिस तथा अग्रणी जिला प्रबंधक को भी प्रश्नपत्र एवं गोपनीय सामग्री के सुरक्षित आदान-प्रदान तथा समयबद्ध समन्वय के संबंध में निर्देश दिए गए। सभी विभागों से कहा गया कि परीक्षा दिवस पर निर्धारित समय से पहले अपनी-अपनी व्यवस्थाएं पूर्ण कर लें।
दमोह जिले में इस वर्ष नीट परीक्षा कुल तीन केंद्रों पर आयोजित होगी। इनमें केंद्रीय विद्यालय दमोह, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दमोह तथा पीजी कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस ज्ञानचंद श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय दमोह शामिल हैं।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर आर.एल. बागरी, केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य धर्मेन्द्र सिंह सहित स्वास्थ्य, पुलिस, डाक, बैंकिंग और शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में परीक्षा के प्रत्येक बिंदु पर विस्तार से चर्चा कर विभागवार जिम्मेदारियां तय की गईं।
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा दिवस पर समय से पहले अपने केंद्र पर पहुंचे तथा प्रवेश समय सीमा का विशेष ध्यान रखें, क्योंकि दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

