दमोह: मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 7 सितंबर को रवाना होगी विशेष ट्रेन

WhatsApp Channel Join Now
दमोह: मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 7 सितंबर को रवाना होगी विशेष ट्रेन


दमोह, 29 अगस्त (हि.स.। मध्य प्रदेश के दमोह जिले से मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत जिले के 60 वर्ष या अधिक आयु के पात्र वृद्धजनों को मां कामाख्या देवी के दर्शन का अवसर मिलेगा। योजना के अंतर्गत 7 सितंबर 2026 को विशेष ट्रेन 479 यात्रियों को लेकर कामाख्या देवी के लिए रवाना होगी। यात्रा पूरी होने के बाद ट्रेन 12 सितंबर को वापस लौटेगी।

कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने शनिवार को बताया कि योजना का लाभ 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र वृद्धजन उठा सकते हैं। महिलाओं के लिए आयु सीमा में दो वर्ष की छूट का प्रावधान है। योजना के लिए पात्र आवेदक आयकर दाता अथवा शासकीय सेवक नहीं होना चाहिए।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के पात्र वृद्धजन अपना आवेदन संबंधित जनपद पंचायत में जमा कर सकते हैं, जबकि नगरीय क्षेत्र के आवेदकों को आवेदन संबंधित नगरीय निकाय में जमा करना होगा। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 1 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

कलेक्टर ने बताया कि तीर्थयात्रियों के भोजन, आवास और यात्रा सहित अन्य निर्धारित व्यय का वहन मध्यप्रदेश शासन द्वारा किया जाएगा। इसके अलावा 65 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे वृद्धजन, जिन्हें यात्रा के दौरान सहयोगी की आवश्यकता है, वे 18 से 50 वर्ष की आयु के एक अटेंडेंट को अपने साथ ले जा सकेंगे। अटेंडेंट के यात्रा संबंधी निर्धारित खर्च भी शासन द्वारा वहन किए जाएंगे।

कलेक्टर ने जिले के पात्र वृद्धजनों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा में अपना आवेदन जमा कर मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का लाभ उठाएं और मां कामाख्या देवी के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

Share this story