दमोह: मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत दमोह से विशेष एसी ट्रेन रवाना
दमोह, 19 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत मंगलवार को दमोह रेलवे स्टेशन से श्रद्धालुओं को लेकर विशेष वातानुकूलित (एसी) तीर्थ दर्शन ट्रेन रवाना की गई। यह विशेष यात्री गाड़ी श्रद्धालुओं को मां वैष्णो देवी के दर्शन कराएगी।
कार्यक्रम में जबेरा विधायक एवं प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने तीर्थ यात्रियों का पुष्पहार एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत किया तथा मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसके माध्यम से वयोवृद्ध नागरिकों और श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार सेवा भाव के साथ समाज के हर वर्ग के हित में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वातानुकूलित ट्रेन की सुविधा से यात्रियों को आरामदायक एवं सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिलेगा।
इस अवसर पर श्याम शिवहरे, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, प्रताप नारायण यादव सहित राजस्व विभाग एवं रेलवे प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं और उनके परिजनों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई यात्रियों ने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की इस पहल से उन्हें पहली बार मां वैष्णो देवी के दर्शन करने का अवसर प्राप्त हो रहा है। यात्रियों ने यात्रा के लिए की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार के प्रति आभार जताया। ट्रेन रवाना होने के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर धार्मिक जयघोषों से गूंज उठा और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

