दमोह: चलती बाइक पर अचानक गिरा विशाल आम का पेड़, पति-पत्नी की मौत

WhatsApp Channel Join Now
दमोह: चलती बाइक पर अचानक गिरा विशाल आम का पेड़, पति-पत्नी की मौत


दमोह: चलती बाइक पर अचानक गिरा विशाल आम का पेड़, पति-पत्नी की मौत


दमोह, 29 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार को एक हादसे में जबलपुर निवासी पति-पत्नी की मौत हो गई। दोनों कुंडलपुर से एक शादी समारोह में शामिल होकर मोटरसाइकिल से जबलपुर लौट रहे थे। इसी दौरान करौंदी–पड़रिया मार्ग पर कृष्णा पेट्रोलियम के समीप सड़क किनारे खड़ा एक विशाल आम का पेड़ अचानक उनकी चलती बाइक पर गिर पड़ा।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान आशीष जैन (48 वर्ष) एवं उनकी पत्नी पिंकी जैन (लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसा इतना भीषण था कि दोनों पेड़ के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही तेजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल दमोह भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस आम के पेड़ के गिरने से यह हादसा हुआ, उसके तने के नीचे पिछले कई दिनों से आग सुलग रही थी, जिससे पेड़ अंदर से कमजोर हो गया था। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिस ने मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने सड़क किनारे खड़े जर्जर एवं जोखिमपूर्ण पेड़ों का सर्वे कर उन्हें समय रहते हटाने की मांग की है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि ऐसे पेड़ों की समय पर पहचान कर कार्रवाई की जाए, तो भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

Share this story