दमोहः आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत, छह घायल, 12 बकरियों की भी गई जान

WhatsApp Channel Join Now
दमोहः आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत, छह घायल, 12 बकरियों की भी गई जान




दमोह, 27 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के जबेरा विधानसभा क्षेत्र में शनिवार शाम आकाशीय बिजली ने दो अलग-अलग घटनाओं में एक युवक और 12 बकरियों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं।

नोहटा थाना क्षेत्र के ग्राम माला मानगढ़ में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं थाना जबेरा क्षेत्र के ग्राम चंडी चोपरा में बिजली गिरने से एक पशुपालक की 12 बकरियां मौके पर ही मर गईं। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को शाम करीब 5 बजे ग्राम माला मानगढ़ में तेज बारिश और गरज-चमक के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इस दौरान रतन आदिवासी (28 वर्ष) पुत्र रामप्रसाद आदिवासी, निवासी माला मानगढ़ इसकी चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में भारती आदिवासी, उमा आदिवासी, वेदरानी आदिवासी, कोदू आदिवासी, मदन तथा मालती आदिवासी भी घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय दमोह भेजा गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही नोहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

दूसरी घटना में शनिवार को थाना जबेरा क्षेत्र के ग्राम चंडी चोपरा में भी आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा नुकसान हुआ। गांव निवासी हल्लू धनगर (55 वर्ष) अपनी बकरियों को जंगल से चराकर वापस लौट रहे थे। बारिश शुरू होने पर वे अपनी बकरियों के साथ एक पेड़ के नीचे रुक गए। तभी अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे 4 बकरे और 8 बकरियां, कुल 12 पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रशासन ने जारी की सावधानी की अपीललगातार हो रही बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों पर रहें तथा बिजली चमकने के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें।

फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस और प्रशासन द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि मृतक के परिजनों एवं प्रभावित पशुपालक को शासन की नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

Share this story