दमोह: जरारूधाम में 17 जुलाई के पौधरोपण अभियान की तैयारियों का मंत्री प्रहलाद पटेल ने लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
दमोह: जरारूधाम में 17 जुलाई के पौधरोपण अभियान की तैयारियों का मंत्री प्रहलाद पटेल ने लिया जायजा


दमोह, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने गुरुवार को दमोह जिले के बटियागढ़ विकासखंड स्थित प्रसिद्ध जरारूधाम गौ अभ्यारण का दौरा कर 17 जुलाई को प्रस्तावित वृहद पौधरोपण अभियान की तैयारियों का निरीक्षण किया।

उन्होंने आयोजन स्थल का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं व्यवस्थापकों से तैयारियों की जानकारी ली तथा सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंत्री पटेल ने पूर्व वर्षों में किए गए वृक्षारोपण कार्य का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि तीन-चार वर्ष पहले लगाए गए पौधे आज विकसित होकर बड़े वृक्ष बन चुके हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि जरारूधाम में केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों के संरक्षण और संवर्धन का कार्य भी पूरी गंभीरता से किया जाता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए ऐसे प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।

मंत्री पटेल ने बताया कि जरारूधाम में प्रतिवर्ष विशेष अवसरों पर बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाता है। गत वर्ष दादा गुरुजी महाराज के निराहार के 1750 दिन पूर्ण होने पर 1750 फलदार पौधे लगाए गए थे। इस वर्ष दादा गुरुजी महाराज के निराहार के 2100 दिन पूर्ण होने के अवसर पर 17 जुलाई को 2100 फलदार पौधों का रोपण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि दादा गुरुजी महाराज 16 जुलाई की रात्रि में जरारूधाम गौ अभ्यारण में प्रवास करेंगे तथा 17 जुलाई को उनके सान्निध्य में वृहद कार्यक्रम आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं पर्यावरण प्रेमियों के शामिल होने की संभावना है।

मंत्री पटेल ने जरारूधाम संस्थान के पदाधिकारियों एवं सहयोगियों द्वारा की जा रही तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से 17 जुलाई को आयोजित होने वाले इस महाअभियान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। साथ ही 15 और 16 जुलाई को आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भोजन, आवास, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण का जनआंदोलन बनना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

Share this story