दमोह: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर होंगे विविध आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
दमोह: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर होंगे विविध आयोजन


दमोह: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर होंगे विविध आयोजन


दमोह, 13 नवंबर (हि.स.) मध्य प्रदेश के दमोह जिले में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव सप्ताह की तैयारियों और कार्यक्रमों को लेकर राजनीतिक एवं सामाजिक स्तर पर गतिविधियां जारी हैं। आगामी 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाएगी। इस अवसर पर जिले के इमलिया घाट एवं महादेव घाट में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं का अनावरण किया जाएगा तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और देश की स्वतंत्रता में जनजातीय महापुरुषों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस सप्ताह के कार्यक्रमों की जानकारी शुक्रवार को संस्कृति, पर्यटन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, पूर्व मंत्री एवं दमोह विधायक जयंत मलैया, सांसद राहुल सिंह तथा विधायक उमादेवी खटीक द्वारा दी गई।

राज्यमंत्री लोधी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2021 से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के अतुलनीय योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान एवं पहचान दिलाना है।

उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के मुख्य आयोजन इमलिया घाट एवं महादेव घाट में होंगे। यहां भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं का अनावरण किया जाएगा। साथ ही जनजातीय संस्कृति, लोकगीतों, लोकनृत्यों और पारंपरिक परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। इन आयोजनों के माध्यम से जनजातीय समाज के वीर महापुरुषों के संघर्ष, बलिदान और गौरवशाली विरासत को स्मरण किया जाएगा।

कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार 14 नवंबर को जिले की विधानसभा क्षेत्रों के प्रमुख स्थानों पर जनजातीय महापुरुषों की प्रतिमाओं एवं देवस्थानों पर स्वच्छता अभियान, दीप प्रज्ज्वलन और लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 16 एवं 17 नवंबर को जनजातीय युवाओं और विद्यार्थियों से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से छात्रावासों में विशेष संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थियों को जनजातीय महापुरुषों के जीवन, विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान से परिचित कराया जाएगा।

इसी क्रम में 18 से 20 नवंबर तक जिले के जनजातीय अंचलों में जनजातीय गौरव चौपालों का आयोजन किया जाएगा। इन चौपालों के माध्यम से समाज के लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं पर चर्चा की जाएगी। इन आयोजनों में जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों की सहभागिता रहेगी।

जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है जनजातीय गौरव दिवसभाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने जनजातीय समाज के अधिकारों, संस्कृति, परंपराओं और स्वाभिमान की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका योगदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका जीवन आज भी युवा पीढ़ी को अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने, अपनी संस्कृति पर गर्व करने और राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत को सम्मान प्रदान करना, उसकी संस्कृति एवं परंपराओं का संरक्षण करना तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। जनजातीय गौरव सप्ताह के आयोजनों के माध्यम से दमोह जिले में जनजातीय समाज की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्र निर्माण में उसके महत्वपूर्ण योगदान को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776615 Articles

Share this story