दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
दमोह, 19 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर शुक्रवार दोपहर एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, हादसा जबेरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुरेनहाऊ गांव के पास हुआ। यहां जबलपुर से दमोह की ओर आ रही बस क्रमांक एमपी 34 जेड बी 0720 और कटनी से शाहगढ़ की ओर जा रही लाल रंग की आई-20 कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के भीतर ही फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार के दरवाजे तोड़कर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला।
जबेरा थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान ने बताया कि हादसे में कार सवार अखिलेश प्रजापति, मुकेश प्रजापति और माया प्रजापति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। तीनों एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। वहीं, कार चालक रशीद खान, निवासी शाहगढ़, और रीना प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जबेरा में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जबेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सीबीएमओ डॉ. डी.के. राय ने बताया कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायलों का उपचार जारी है।
घायल चालक रशीद खान ने बताया कि सभी लोग शाहगढ़ के निवासी हैं और कटनी से अपने घर लौट रहे थे, तभी पुरेनहाऊ के पास यह हादसा हो गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

