दमोह: कलेक्टर ने मानसून से पहले लिया शहर की व्यवस्थाओं का जायजा

WhatsApp Channel Join Now
दमोह: कलेक्टर ने मानसून से पहले लिया शहर की व्यवस्थाओं का जायजा


-विभिन्न क्षेत्रों का किया निरीक्षण, जल निकासी और स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश

दमोह, 31 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने रविवार को आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर जल निकासी, स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए समय पर कार्य पूर्ण करने के लिए कहा।

कलेक्टर ने सुभाष कॉलोनी में जलभराव की समस्या का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रवासियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को वर्षा के दौरान जल निकासी बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान नालों और नालियों की स्थिति का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने सफाई एवं गहरीकरण कार्य समय पर पूरा करने के लिए कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि बारिश शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बीज निगम क्षेत्र स्थित स्टॉप डैम का निरीक्षण करते हुए जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं सागर-दमोह मार्ग स्थित मंडी क्षेत्र में कचरा प्रबंधन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया गया।

कलेक्टर ने पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास का भी निरीक्षण किया। इस दौरान छात्रों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा पेयजल, भोजन एवं अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। शहर की सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सफाई कार्यों की नियमित निगरानी और बेहतर समन्वय पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित शहर के निर्माण में प्रशासन के साथ-साथ नागरिकों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है।

भ्रमण के दौरान एसपीएम नगर खेल परिसर, इंडोर स्टेडियम तथा अन्य सार्वजनिक परिसरों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सौरभ गंधर्व, तहसीलदार रॉबिन जैन, परियोजना अधिकारी कपिल खरे, मुख्य नगरपालिका अधिकारी राजेंद्र सिंह लोधी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

Share this story