दमोहः कलेक्टर ने पत्रकारों से किया संवाद, होली की दी शुभकामनाएं
दमोह, 01 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिला मुख्यालय स्थित संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन के सभा कक्ष में रविवार को कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने पत्रकारों से आत्मीय संवाद किया और रंगों के पर्व होली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत तिलक लगाकर और पारंपरिक तरीके से होली मिलन के साथ हुई। कलेक्टर कोचर ने कहा कि पत्रकारों से संवाद निरंतर होता रहता है—चाहे वह दूरभाष के माध्यम से हो या किसी विषय पर प्रतिक्रिया देने के दौरान—लेकिन सामूहिक रूप से बैठकर चर्चा करने का अपना अलग महत्व होता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास रहेगा कि प्रति माह इस प्रकार की बैठक आयोजित हो, ताकि सकारात्मक संवाद और बेहतर समन्वय बना रहे।
विकास कार्यों की जानकारी और सवाल-जवाबबैठक में कलेक्टर कोचर ने जिले में चल रहे विकास और प्रगति कार्यों की जानकारी दी। साथ ही पत्रकारों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से उत्तर भी दिए। उन्होंने कहा कि मीडिया प्रशासन का आईना है और समालोचना से कार्य करने की दिशा और अधिक स्पष्ट होती है।
अतिक्रमण, यातायात और भारी वाहनों का मुद्दा प्रमुखबैठक में नगर के मुख्य बाजार और सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण का विषय प्रमुखता से उठा। यातायात व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। पत्रकारों ने बाहरी क्षेत्रों से नगर में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों और शहर के मध्य से गुजरने वाले ट्रांसपोर्ट वाहनों पर कार्रवाई की मांग रखी।
इस पर कलेक्टर कोचर ने आश्वस्त किया कि आवश्यक कार्रवाई करवाई जाएगी। यह भी अवगत कराया गया कि गूगल मैप नगर के मध्य से मार्ग दर्शाता है, जिससे बाहरी वाहन शहर के भीतर प्रवेश कर जाते हैं। यदि मार्ग को तकनीकी रूप से संशोधित कराया जाए तो भारी वाहन शहर के बाहरी मार्ग से ही गुजर सकते हैं।
पत्रकार कॉलोनी और सुविधाओं पर चर्चापत्रकारों को मिलने वाली सुविधाओं तथा प्रस्तावित पत्रकार कॉलोनी और आवास व्यवस्था के विषय पर भी चर्चा हुई। इस संबंध में प्रशासनिक स्तर पर संभावनाओं को परखा जाने का आश्वासन दिया गया।
नगर पालिका से जुड़े मुद्दों पर भी उठे सवालबैठक के दौरान नगर पालिका से जुड़े भ्रष्टाचार के मुद्दे भी उठे, जिन पर कलेक्टर ने धैर्यपूर्वक सभी पक्षों को सुना और आवश्यक तथ्यों के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। कुछ विषयों पर जिला जनसंपर्क अधिकारी वाय.ए. कुरैशी ने भी जानकारी दी और राज्य सरकार द्वारा पत्रकारों के हित में संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
प्राकृतिक रंगों से मनाया गया होली मिलनकार्यक्रम के अंत में गेंदा, चुकंदर और पालक से तैयार प्राकृतिक रंगों की गुलाल लगाकर कलेक्टर कोचर और पत्रकारों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। सभी ने सहभोज में भाग लिया। अंत में जिले के दिवंगत पत्रकारों को श्रद्धांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का समापन किया गया। यह आयोजन प्रशासन और मीडिया के बीच सकारात्मक संवाद और सहयोग की भावना को मजबूत करने वाला रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

