चंबल के बीहड़ से अब रील बनाकर धमका रहा डकैत कल्ली, खौफ के साये में एक परिवार, स्कूल छोड़ चुके बच्चे, खेत सूने

WhatsApp Channel Join Now






मुरैना, 06 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय चंबल घडिय़ाल अभयारण्य के प्रतिबंधित क्षेत्र से हो रहे रेत के अवैध उत्खनन को रोकने का प्रयास एक पूरे परिवार के लिए काल बन गया है। देवगढ़ थाना क्षेत्र के बरवासिन गांव में अजमेर सिंह के परिवार के दो सदस्यों की हत्या के बाद अब पूरा गांव 60 हजार के इनामी डकैत कल्ली के खौफ के साये में जी रहा है। न बच्चे स्कूल जा पा रहे हैं, न खेतों में काम हो पा रहा है। डकैत की दबंगई तो देखिए वह चंबल के बीहड से सोशल मीडिया पर फरमान जारी कर रहा है कि रेत रोकी तो मौत की सजा मिलेगी।

फिलहाल पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश करने में लगी हुई है। कल्ली पर ग्वालियर से 30 हजार का और मुरैना से 10 हजार का ईनाम घोषित है। वरबासिन गांव से करीब एक किलोमीटर दूर चंबल नदी के किनारे अजमेर सिंह का पुरा बसा है, जहां आधा दर्जन मकानों में उनका परिवार रहता है। इनके घर के सामने से ही नत्थी सिंह के परिवार के लोग रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां तेज रफ्तार में निकालते थे, जिससे बच्चों और मवेशियों को खतरा बना रहता था। कई बार समझाइश देने के बाद भी जब रेत का अवैध कारोबार नहीं रुका, तो विवाद बढ़ता गया।

पंचायत के दौरान हत्या, फिर बीहड में कूंदा

पंचायत के दौरान नत्थी सिंह के परिजनों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर अजमेर सिंह के दामाद रविंद्र गुर्जर की हत्या कर दी। पांच साल तक चले इस विवाद में सुलह के प्रयास भी हुए, लेकिन 2025 में आरोपियों ने अजमेर सिंह के नाती अनिल गुर्जर की भी बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद मुख्य आरोपी कल्ली अपने परिजनों के साथ बीहड़ों में कूद गया। तब से वह ग्वालियर-चंबल संभाग के चार जिलों मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी और ग्वालियर में आतंक का पर्याय बन गया है।कल्ली पर हत्या, अपहरण और फायरिंग समेत आधा दर्जन से अधिक गंभीर अपराध दर्ज हैं। वह बीहड़ और जंगलों की शरण लेकर वारदातों को अंजाम दे रहा है।

3 भाई जेल में पिता ने रिश्तेदारों के यहां ली शरण

कल्ली के तीन भाई मुरैना जेल में बंद हैं, पिता नत्थी सिंह रिश्तेदारों के यहां शरण लिए है और उसके टूटे घरों के बाहर सडक़ किनारे पड़ी रेत अब मिट्टी में मिल रही है, जिस रेत के कारण दो जानें चली गईं।

रील बनाकर पीडित परिवार को धमका रहा, जेलर को भी धमकी

डकैत कल्ली सोशल मीडिया पर रील बनाकर पीडि़त परिवार को खुलेआम धमका भी रहा है। हाल ही में उसने मुरैना जेल के जेलर को अपने जेल में बंद भाइयों को परेशान न करने की धमकी दी, जिसके बाद जेलर ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया है। वहीं जौरा थाना क्षेत्र के बिचपुरी निवासी एक युवक की मारपीट कर उसे भी जान से मारने की धमकी दी गई है। पीडि़त परिवार आज भी पुलिस सुरक्षा के भरोसे जीवन जीने को मजबूर है। मृतक अनिल की पत्नी पूजा, मां ऊषा और भाई संजय न्याय की गुहार लगा रहे हैं। डकैत कल्ली सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव है। कभी वह किंग ऑफ मुरैना के नाम से रील डालता है तो कभी चश्मा और कैप पहनकर स्टाइलिश फोटो डालता है।

मुरैना एएसपी सुरेन्द्र पाल सिंह का कहना है कि कल्ली गुर्जर पर मुरैना, ग्वालियर सहित अन्य जिलो मे अपराध दर्ज है। बिजपुरी गांव मे कल्ली के होने का पता चला था। पुलिस टीम पूरी मुस्तैदी के साथ उसकी तलाश मे लगी हुई है। मारपीट की सूचना पर पुलिस ने जंगल को घेरा था लेकिन वह फरार हो गया था। मुरैना जेल अधीक्षक को भी वह धमका चुका है। फिलहाल पुलिस टीम उसकी तलाश मे जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार/उपेंद्र गौतम

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story