अनूपपुर: खाना बनाते फटा सिलेंडर घर-दुकान में लगी आग, महिला झुलसी
अनूपपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमरकंटक थाना क्षेत्र के दोनिया ग्राम में सोमवार की दोपहर खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लगने से जोरदार धमाका हो गया। इससे घर और नीचे बनी किराना दुकान का लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। आग बुझाने के प्रयास में मकान मालिक रज्जू नायक की पत्नी सोना बाई गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें इलाज के लिए शहडोल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना अमरकंटक थाना क्षेत्र के दोनिया गांव में रज्जू उर्फ राजकुमार नायक के घर हुई। सुबह उनकी बेटी चांदनी नायक खाना बना रही थीं, तभी गैस रिसाव के कारण सिलेंडर में आग लग गई। आग तेजी से फैली और सिलेंडर में धमाका हो गया, जिससे आग ने पूरे घर और दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।
धुएं का गुबार देखकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्होंने हैंडपंप के पानी से घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक घर में रखे कपड़े, जेवरात, अन्य घरेलू सामान और किराना दुकान का पूरा स्टॉक जलकर राख हो चुका था। आग की तीव्रता से मकान की छत में भी दरारें आ गईं। रज्जू नायक ने बताया कि उन्हें इस घटना में लगभग 30-35 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
आग बुझाने के दौरान रज्जू नायक की पत्नी सोना बाई के दोनों पैर बुरी तरह झुलस गए। ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेंद्रग्राम पहुंचाया। वहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल शहडोल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
गनीमत रही कि सिलेंडर ब्लास्ट से कोई जनहानि नहीं हुई। इस घटना में फायर ब्रिगेड की अनुपलब्धता भी सामने आई। पुष्पराजगढ़ विकासखंड में फायर ब्रिगेड वाहन की कोई व्यवस्था नहीं है। अमरकंटक नगरीय क्षेत्र में एक वाहन है, लेकिन सोमवार को मुख्यमंत्री के प्रवास कार्यक्रम के कारण वह व्यवस्थाओं में लगा था और मौके पर नहीं पहुंच सका।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

