चक्रवात के असर से बदला जबलपुर का मौसम, बादलों और फुहारों ने बढ़ाई ठंडक, अगले 3-4 दिनों में और गिरेगा पारा

WhatsApp Channel Join Now
चक्रवात के असर से बदला जबलपुर का मौसम, बादलों और फुहारों ने बढ़ाई ठंडक, अगले 3-4 दिनों में और गिरेगा पारा


जबलपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। ओडिशा तट पर बने चक्रवाती सिस्टम का असर जबलपुर के मौसम पर भी दिखाई देने लगा है। शनिवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। शहर के कई इलाकों में सुबह हल्की बूंदाबांदी और फुहारें पड़ने से मौसम में ठंडक घुल गई। मौसम के बदले मिजाज के बीच दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती सिस्टम का प्रभाव अगले 24 से 48 घंटे तक बना रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सिस्टम का असर खत्म होने और आसमान साफ होने के बाद अगले 3 से 4 दिनों में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे रात के समय ठंड का असर और तेज होने की संभावना है।

मौसम में बदलाव और वातावरण में नमी बढ़ने से सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार और गले में खराश जैसी मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। वायरल संक्रमण के साथ अस्थमा और एलर्जी से पीड़ित लोगों को सांस लेने में परेशानी और सीने में जकड़न की शिकायत हो सकती है। तापमान में उतार-चढ़ाव का असर बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर भी पड़ सकता है। ऐसे में गुनगुना पानी पीने, बारिश में भीगने से बचने और ठंडी हवाओं से बचाव करने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781163 Articles

Share this story