जबलपुर : 15 दिवसीय साइबर सुरक्षा ’सेफ क्लिक 2.0 जन जागरूकता अभियान जारी

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : 15 दिवसीय साइबर सुरक्षा ’सेफ क्लिक 2.0 जन जागरूकता अभियान जारी


जबलपुर, 28 जून (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक जबलपुर के निर्देशन में जिलेभर में 15 दिवसीय साइबर सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान सेफ क्लिक 2.0 के तहत आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाव के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। यह अभियान मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार 8 जुलाई तक संचालित किया जाएगा।

रविवार को पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने पुलिस कंट्रोल रूम में सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे लोगों को साइबर अपराधों के नए-नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दें।

अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़, ग्रामीण अनु बेनिवाल, अपराध जितेन्द्र सिंह, जोन-2 पल्लवी शुक्ला, जोन-4 अंजना तिवारी, मुख्यालय सूर्यकांत शर्मा तथा यातायात अखिलेश तिवारी के मार्गदर्शन में सभी थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारी बैनर-पोस्टर लगाकर, पंपलेट वितरित कर और जनसभाओं के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी निवेश योजनाएं, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी एवं केवाईसी फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, फिशिंग लिंक, क्यूआर कोड फ्रॉड तथा साइबर बुलिंग जैसे अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं।

इसके अलावा स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को ऑनलाइन गेमिंग, सोशल मीडिया फ्रॉड और ब्लैकमेलिंग के प्रति जागरूक किया जा रहा है। वहीं बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापारियों एवं उपभोक्ताओं को सुरक्षित डिजिटल भुगतान के तरीकों की जानकारी दी जा रही है।

अभियान के दौरान साइबर सुरक्षा शपथ भी दिलाई जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक, संदिग्ध संदेश, फर्जी क्यूआर कोड या अनजान कॉल पर भरोसा न करें। ओटीपी, एटीएम पिन और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। फर्जी नौकरी, इनाम या निवेश संबंधी प्रस्तावों से सतर्क रहें तथा बिना सत्यापन किसी भी एप्लिकेशन को डाउनलोड न करें और न ही मोबाइल स्क्रीन शेयर करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story