साइबर अपराध से बचाव और महिला सशक्तिकरण पर व्याख्यानमाला 22 अगस्त को

WhatsApp Channel Join Now
साइबर अपराध से बचाव और महिला सशक्तिकरण पर व्याख्यानमाला 22 अगस्त को


नागदा, 21 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के नागदा में भारतीय मानव अधिकार सहकार ट्रस्ट द्वारा शनिवार, 22 अगस्त को एगोशदीप स्कूल में महिला सशक्तिकरण एवं साइबर अपराध जागरूकता विषय पर व्याख्यानमाला आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और नागरिकों को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।

मानव अधिकार ट्रस्ट के जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार जैन ने शुक्रवार को बताया कि इंटरनेट और सामाजिक माध्यमों का उपयोग लगातार बढ़ रहा है। इसके साथ ही साइबर अपराध के तरीके भी तेजी से बदल रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों और आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से व्याख्यानमाला आयोजित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी के जरिए होने वाली धोखाधड़ी, सामाजिक माध्यमों पर ठगी, साइबर उत्पीड़न तथा महिलाओं को निशाना बनाकर किए जाने वाले साइबर अपराधों से बचाव के तरीकों पर विशेषज्ञ जानकारी देंगे। साथ ही महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया जाएगा।

जैन ने कहा कि मोबाइल और सामाजिक माध्यम आज दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं, लेकिन इनके उपयोग में थोड़ी सी असावधानी गंभीर परेशानी का कारण बन सकती है। अनजान व्यक्ति के भेजे लिंक को खोलना, ओटीपी या निजी जानकारी साझा करना तथा सामाजिक माध्यमों पर बिना सत्यापन किसी व्यक्ति पर भरोसा करना साइबर अपराधियों के लिए अवसर बन सकता है। विद्यार्थियों को ऐसी परिस्थितियों में सतर्क रहने के उपाय बताए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि व्याख्यानमाला का उद्देश्य केवल साइबर अपराधों की जानकारी देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और नागरिकों में सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की आदत विकसित करना भी है। साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदमों और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी भी कार्यक्रम में दी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया

Share this story