बाल कल्याण समिति जबलपुर के अध्यक्ष मनीष व्यास पद से हटाए गए.
जबलपुर, 10 मई (हि.स.)। महिला एवं बाल विकास विभाग, मंत्रालय वल्लभ भवन भोपाल द्वारा रविवार को आदेश जारी कर बाल कल्याण समिति, जबलपुर के अध्यक्ष मनीष व्यास को पद से हटा दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार व्यास के खिलाफ समिति की सदस्य मेघा पवार द्वारा शिकायत की गई थी। जिसके बाद शिकायत की जांच अनुविभागीय दण्डाधिकारी रांझी, जबलपुर से कराई गई। जांच प्रतिवेदन में समिति की महिला सदस्यों के प्रति उनका व्यवहार असंयमित और गरिमा के अनुरूप नहीं पाया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा व्यास को कारण बताओ नोटिस भी जारी कर जवाब मांगा गया था। इसके बाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उनकी सुनवाई भी की गई। व्यास ने अपने जवाब में पूरे मामले को प्रशासनिक मतभेद बताया, लेकिन जांच प्रतिवेदन, साक्षियों के बयान और सुनवाई के आधार पर विभाग ने पाया कि उनका आचरण बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष पद की गरिमा और जिम्मेदारी के अनुरूप नहीं था।
विभाग ने यह भी माना कि उनका व्यवहार समिति की आचार संहिता और किशोर न्याय नियमों के विपरीत है। इसके आधार पर आदेश जारी कर किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा के तहत मनीष व्यास को बाल कल्याण समिति, जबलपुर के अध्यक्ष पद से पृथक कर दिया गया है।
राज्य शासन द्वारा मनीष व्यास को 24 अक्टूबर 2024 की किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत बाल कल्याण समिति जबलपुर का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

