महिलाओं को साहस, आत्म-विश्वास और प्रेरणा देगी सीआरपीएफ की बाइक रैली: उषा ठाकुर



- शौर्य स्मारक में नारी शक्ति को समर्पित सांस्कृतिक संध्या
भोपाल, 15 मार्च (हि.स.)। प्रदेश की संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री उषा ठाकुर ने कहा कि सीआरपीएफ की महिला बाइक रैली देश की महिलाओं को साहस, आत्म-विश्वास, प्रेरणा और संबल देगी। आजादी का अमृत महोत्सव पर सीआरपीएफ ने महिलाओं को जागरूक करने की दिशा में यह एक सराहनीय कदम है।
मंत्री उषा ठाकुर बुधवार शाम को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल महिला बाइक रैली के भोपाल आगमन पर शौर्य स्मारक में सांस्कृतिक कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ हमारा मान, अभिमान और सम्मान है। प्रत्येक भारतीय की चैन की नींद वीर जवानों के त्याग, बलिदान और तपस्या का परिणाम है।
मंत्री उषा ठाकुर ने कहा कि अनादि काल से ही भारतीय संस्कृति में मातृशक्ति को पूजा गया है। मातृशक्ति माँ जयवंता बाई ने महाराणा प्रताप के बचपन में ही लोरी के माध्यम से देशभक्ति का बीज बोया था। नारी शक्ति एक माँ, बहन, पुत्री, पत्नी सहित विभिन्न रूपों में समाज और राष्ट्र का मार्गदर्शन करती है। उषा ठाकुर ने नारी शक्ति को समर्पित मेरा परिचय इतना कि मैं भारत की तस्वीर हूँ कविता की पंक्तियाँ सुनाकर नारियों का उत्साहवर्धन किया।
अमर शहीदों को पल-पल किया जायेगा याद: विधायक रामेश्वर शर्मा
कार्यक्रम में भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव वीर क्रांतिकारियों और महापुरूषों के त्याग और बलिदान को याद करने का महोत्सव है। आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों को पल-पल याद किया जाएगा। उन्होंने देश की आजादी और विकास में नारी शक्ति के त्याग और तपस्या को नमन किया। मंत्री उषा ठाकुर और विधायक शर्मा ने महिला बाइक राइडर्स का अभिवादन कर उत्साहवर्धन किया।
सांस्कृतिक संध्या में देश की पहली सीआरपीएफ महिला पाइप बैंड ने देशभक्ति गीतों की सुमधुर धुन प्रस्तुत की। महिला बैंड की धुनों पर महिला प्लाटून की आकर्षक राइफल ड्रिल देखकर पूरा सभागार देशभक्ति की ऊर्जा से भर गया। पूरा वातावरण सभी के एक स्वर में भारत माता की जय के नारों से गूँज उठा। इस अवसर पर डीआईजी सीआरपीएफ अनुपम शर्मा, रविंद्र नाथ टैगोर विश्वविद्यालय की प्रो. वाइस चांसलर संगीता जौहरी सहित बड़ी संख्या में छात्राएँ, युवतियाँ और आमजन उपस्थित रहें।
उल्लेखनीय है कि गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, नई दिल्ली द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव के अन्तर्गत महिला सशक्तिरण की जागरूकता के लिए महिला बाइक रैली निकाली गई है। यह रैली 9 मार्च 2023 को इण्डिया गेट, नई दिल्ली से होकर 25 मार्च 2023 को जगदलपुर (छत्तीसगढ़) पहुँचेगी। बाइक रैली का नेतृत्व 200 बटालियन की डेप्युटी कमांडर तारा यादव कर रही हैं। रैली में 90 बाइकर 75 बाइक पर 1900 किलो मीटर की दूरी तय कर जन-जन को महिला सशक्तिकरण का संदेश देगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश / डा. मयंक
हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्वाइन करने के लिये यहां क्लिक करें, साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लिये यहां क्लिक करें।