मुरैना: फसल खरीदी को लेकर कांग्रेस ने दो घंटे किया एनएच-44 जाम, पुलिस बोली- लीगल एक्शन लिया जाएगा

WhatsApp Channel Join Now


मुरैना, 07 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में समर्थन मूल्य पर फसल खरीदी में भारी अनियमितताएं, किसानों को बारदाना नहीं मिलना सहित अन्य कई समस्याओं को लेकर ग्वालियर एवं मुरैना की सीमा निरावली हाइवे पर ग्वालियर, मुरैना और भिंड जिले के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर चक्काजाम कर दिया।

प्रदेश व्यापारी जाम की खबर पुलिस प्रशासन को पहले से ही थी, इसलिए भारी पुलिस बल तेनात किया गया।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो आज चक्का जाम के बाद भविष्य में जेल भरो आंदोलन किया जाएगा। चक्का जाम में संजना जाटव सांसद भरतपुर राजस्थान तथा मध्यप्रदेश नेता कमलेश्वर पटेल, अशोक सिंह सांसद राज्यसभा, पीसी शर्मा पूर्व मंत्री सहित ग्वालियर, मुरैना और भिंड के विधायक व वरिष्ठ पदाधिकारी व हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जानकारी के लिए बता दें कि जाम गुरूवार सुबह करीब 11.30 बजे शुरू हुआ जो दोपहर 1.30 बजे तक चला। दो घंटे तक चले इस जाम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने जमकर नारेबाजी की। व्यवस्था बिगड़ते देख पुलिस सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर ग्वालियर लेकर गई। दोपहर 2 बजे तक यातायात व्यवस्था पूर्णत: चालू हो गई है।

ग्वालियर-मुरैना पुलिस के व्यापक इंतजाम: मुरैना व ग्वालियर की सीमा निरावली पर कांग्रेस के चक्का जाम को लेकर पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम कर लिए थे। जहां ग्वालियर का बल तैनात था वहीं मुरैना की पुलिस भी तैनात रही। ग्वालियर और मुरैना से काफी पुलिस बल लगाया गया था। ग्वालियर के पुलिस अधीक्षक धर्मवीर यादव और मुरैना के पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा सहित अन्य पुलिसबल मौके पर मौजूद रहा।

एनाउंसमेंट कर दी चेतावनी: नेशनल हाइवे जाम के दौरान एडीएम ने एनाउंसमेंट कर कांग्रेस नेताओं को अंतिम चेतावनी दी कि पांच मिनट के अंदर रास्ता खाली कर दे, क्योंकि यातायात मे व्यवधान पैदा हो रहा है। बहुत सारे मरीजों को ले जाने वाली एंबुलेंस रूकी हुई है। इसके बाद जब कांग्रेसी कार्यकर्ता नहीं मानें तो पुलिस उन्हें गिरफ्तार करके ग्वालियर ले गई।

मध्य प्रदेश की मोहन सरकार फैल हो गई है-पूर्व मंत्री पीसी शर्मा का कहना है कि सात जगह जाम किया जा रहा है। मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार फैल हो गई है। किसानों को सस्ते मे गेहूं बेचना पड़ा। 2700 रूपए भावांतर देना चाहिए जो कि मध्यप्रदेश सरकार ने नहीं दिया। आज यह आंदोलन है, आगे जेल भरो आंदोलन होगा

लीगल एक्शन लिया जाएगामुरैना एसपी धर्मराज मीणा का कहना है कि निरावली क्षेत्र मे कांग्रेस द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल लगाया गया है। क्यूआरएस की पार्टी भी तैनात कर दी गई है। एंबुलेंस को निकालने के लिए अलग से रास्ता निकाला गया है। डायवर्सन प्लान पहले ही तैयार कर लिया गया था। किसी भी तरह से यातायात बाधित नहीं होगा। अगर हंगाम करते है तो लीगल एक्शन भी लिया जाएगा।

यह धरना प्रदर्शन अवैध है मुरैना एडीएम अश्वनी रावत का कहना है कि दो-तीन जिलों के कांगे्रस कार्यकर्ता द्वारा नेशनल हाइवे पर धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। हालांकि यह धरना प्रदर्शन अवैध है, इनको कोई परमीशन नहीं दी गई है। भारी संख्या में यहां पुलिस बल मौजूद है।

हिन्दुस्थान समाचार/उपेंद्र

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story