जबलपुर : चार साल से प्रताड़ना का आरोप, मां-बेटी ने जनसुनवाई में कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार
जबलपुर, 16 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर मे मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान शीतलामाई क्षेत्र निवासी महिला अपनी बेटी के साथ पहुंचीं और कलेक्टर राघवेंद्र सिंह से न्याय की गुहार लगाई। मां-बेटी ने घुटनों के बल बैठकर क्षेत्र के कुछ लोगों द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया और सुरक्षा व कार्रवाई की मांग की।
महिला ने बताया कि उनका परिवार पिछले चार वर्षों से मोहल्ले के रहने वाले हनी बेन और उसके परिजनों से परेशान है। उनके अनुसार फरवरी 2022 में आरोपी ने कथित रूप से अपनी पहचान छिपाकर उनकी 14 वर्षीय नाबालिग बेटी से दोस्ती की और उसे अपने साथ ले गया था। बेटी के लापता होने पर परिवार ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन प्रारंभिक स्तर पर कोई सहायता नहीं मिली। बाद में जानकारी मिलने पर पुलिस ने सागर जिले के गढ़ाकोटा क्षेत्र से नाबालिग को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया था।
पीड़िता का आरोप है कि उस मामले में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई होने के बावजूद जमानत मिलने के बाद से वह और उसके परिजन लगातार परिवार को परेशान कर रहे हैं।
महिला ने बताया कि 14 जून को उनका 10 वर्षीय बेटा मोहल्ले में क्रिकेट खेल रहा था। खेल के दौरान बल्ला गलती से हनी बेन के रिश्तेदार अविनाश बेन की एक परिजन को लग गया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोपी पक्ष के लोगों ने उनके पति रामचरण दुबे पर लोहे की रॉड और बैट से हमला कर दिया। इस दौरान उनकी दिव्यांग बेटी के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।
पीड़िता ने बताया कि उनकी बेटी एसपी की पाठशाला में अध्ययनरत है और भविष्य में पुलिस सेवा में जाना चाहती है, लेकिन क्षेत्र के तनावपूर्ण माहौल के कारण उसकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है तथा परिवार में भय का वातावरण बना हुआ है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने घमापुर थाना प्रभारी को शिकायत की जांच कर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही पीड़ित परिवार को उचित कार्रवाई और सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

