राजगढ़ः बैंक आफ बड़ौदा के एटीएम को तोड़ने का प्रयास, सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः बैंक आफ बड़ौदा के एटीएम को तोड़ने का प्रयास, सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश


राजगढ़, 5 फरवरी (हि.स.)। शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र में एबी रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम को तोड़कर पैसे निकालने का प्रयास किया गया, बदमाश मुंह पर कपड़ा बांधे हुए सीसीटीवी में कैद हुआ है। सेंसर के सिग्नल मिलते ही मुंबई प्रधान कार्यालय में बैठे अधिकारियों ने ब्यावरा पुलिस को सूचना दी। पुलिस वाहन के सायरन बजते ही बदमाश मौके से फरार हो गए। बैंक के सुरक्षा अधिकारी ने गुरुवार को शिकायत आवेदन किया। पुलिस ने मामले में मौका- मुआयना कर पड़ताल शुरु की है।

जानकारी के अनुसार बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात शहर ब्यावरा के बांडीखाली क्षेत्र में पुराना एबी रोड के किनारे लगे बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम को तोड़कर रुपए निकालने का प्रयास किया गया। घटना एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गई, जिसमें बदमाश मुंह पर कपड़ा बांधकर पहुंचे और एक बदमाश ने लोहे की राॅड से एटीएम का लाॅक तोड़ दिया। सेंसर के सिग्नल मिलते ही मुंबई प्रमुख कार्यालय के अधिकारियों ने शहर ब्यावरा पुलिस को सूचना दी। पुलिस के वाहन का सायरन बजते ही बदमाश मौके से भाग गए।

खबर लगते ही गुरुवार को भोपाल से सुरक्षा अधिकारी और एमसीआर कंपनी के इंजीनियर ब्यावरा पहुंचे, जिन्होंने बैंक का निरीक्षण कर पुलिस को शिकायत आवेदन किया। पुलिस ने मामले में मौका-मुआयना कर जांच शुरु की। बताया गया है कि घटना के दौरान एटीएम में कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नही था, जिससे बदमाश को एटीएम तोड़ने का मौका मिल गया। बैंक का यह एटीएम बसस्टेंड से कुछ ही दूरी पर स्थित है वहीं क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही लगातार रहती है। प्रकरण में बैंक अधिकारियों का कहना है कि पहला लाॅक खराब होते या टूटते ही पूरा एटीएम लाॅक हो जाता है, इसके बाद सिग्नल मुंबई प्रमुख कार्यालय तक पहुंच जाते है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story