गौ सम्मान आह्वान अभियान: 27 जुलाई को सरकार को सौंपेंगे ज्ञापन, गौ-हत्या पर रोक की मांग

WhatsApp Channel Join Now
गौ सम्मान आह्वान अभियान: 27 जुलाई को सरकार को सौंपेंगे ज्ञापन, गौ-हत्या पर रोक की मांग


भोपाल, 25 जुलाई (हि.स.)। देशभर में चल रहे 'गौ सम्मान आह्वान अभियान' के दूसरे चरण के तहत भोपाल सहित विभिन्न जिलों में 27 जुलाई को प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे। अभियान का उद्देश्य गाय के संरक्षण, सम्मान और देशभर में गौ-हत्या पर रोक लगाने की मांग को प्रमुखता से उठाना है।

अभियान के जिला प्रभारी श्रीराम शर्मा ने शनिवार काे एक पत्रकार वार्ता काे संबाेधित करते हुए बताया कि भोपाल जिले से दो लाख से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन और एक प्रार्थना-पत्र भी भेजा जाएगा। उनका कहना है कि अभियान के माध्यम से गौ-संरक्षण को लेकर व्यापक जनसमर्थन सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत 27 जुलाई, सोमवार सुबह गौ भक्त गुफा मंदिर (कालीघाट के पास) से होगी। यहां गौमाता का पूजन, शंखनाद और सुबह 9:15 बजे तक श्री राम जय राम जय जय राम विजय मंत्र का सामूहिक जप किया जाएगा।

इसके बाद श्रद्धालु झंडे और बैनर के साथ जिलाधिकारी कार्यालय तक प्रार्थना-यात्रा निकालेंगे। यात्रा में गोमाता की झांकी, बुलडोजर पर प्रदर्शित हस्ताक्षर अभियान तथा संत-महात्माओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, किसानों और बड़ी संख्या में गौभक्तों की सहभागिता रहेगी।

नागरिकों से शामिल होने की अपील

अभियान से जुड़े पदाधिकारियों ने जिले के नागरिकों से इस जनजागरण अभियान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने लोगों से परिवार सहित पारंपरिक वेशभूषा में निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पहुंचने और गौ-संरक्षण, सेवा एवं सम्मान के इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने का आग्रह किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story