मप्र के शाजापुर में पिकअप की टक्कर से दंपती और मासूम की मौत, बेटे के जन्मदिन पर मंदिर जा रहा था परिवार

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के शाजापुर में पिकअप की टक्कर से दंपती और मासूम की मौत, बेटे के जन्मदिन पर मंदिर जा रहा था परिवार


शाजापुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में बेटे के जन्मदिन पर मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करने निकला एक परिवार सड़क हादसे का शिकार हो गया। सारंगपुर-अकोदिया मार्ग पर गोदना गांव के पास शनिवार दोपहर पीछे से आ रही पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी और उनके दो साल के बेटे की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पिकअप वाहन को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।

मृतकों की पहचान सीहोर जिले के आष्टा की इंद्र कॉलोनी निवासी अजीत सिंह पंवार, उनकी पत्नी पूजा और बेटे शिवांशु के रूप में हुई है। परिवार शनिवार को बेटे के जन्मदिन के अवसर पर मंदिर में दर्शन करने के लिए घर से निकला था। दोपहर करीब 12:30 बजे गोदना गांव के पास यह हादसा हो गया। सलसलाई थाना प्रभारी के मुताबिक, परिवार बाइक से जा रहा था। इसी दौरान अचानक एक कुत्ता बाइक के सामने आ गया। उसे बचाने के लिए अजीत ने ब्रेक लगाए। तभी पीछे से आ रही पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने पिकअप को पकड़ लिया। खेतों में काम कर रहे मजदूर भी घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और सलसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

हादसे के बाद तीनों के शव सड़क पर पड़े थे। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए शवों को कपड़ों और गमछे से ढंक दिया। शुरुआत में मृतकों की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा किए जाने के बाद उनकी पहचान हुई। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और परिजनों को सूचना दी। पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार के पास हेलमेट होने की जानकारी मिली है, लेकिन हादसे के समय उन्होंने हेलमेट पहना था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर से आष्टा की इंद्र कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770048 Articles

Share this story