विपक्ष के गलत नैरेटिव का तथ्यों से जवाब दें, जनता अराजकता फैलाने वालों को चुनाव में सबक सिखाएगी : शिवप्रकाश

WhatsApp Channel Join Now
विपक्ष के गलत नैरेटिव का तथ्यों से जवाब दें, जनता अराजकता फैलाने वालों को चुनाव में सबक सिखाएगी : शिवप्रकाश


भोपाल, 18 नवंबर (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। यहां अराजकता फैलाकर सत्ता हासिल नहीं की जा सकती। देश की जनता सड़क पर अराजकता फैलाने वालों की मानसिकता समझती है और चुनाव में इसका जवाब देती है। विपक्षी दल गलत नैरेटिव बनाकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास करते हैं। भाजपा मीडिया विभाग के कार्यकर्ता तथ्यों के साथ विपक्ष के दावों का जवाब दें और जनता तक सही जानकारी पहुंचाएं।

शिवप्रकाश बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पार्टी के मीडिया विभाग की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर भी मौजूद रहे। प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी मंचासीन थे। बैठक का संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजगोपाल लोया ने किया।

मोदी सरकार के कार्यों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं

शिवप्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से देश में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। केंद्र सरकार ने कई गंभीर और लंबे समय से लंबित विषयों का समाधान किया है। भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मीडिया विभाग के कार्यकर्ता केंद्र सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को तथ्यों के साथ जनता के बीच रखें।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश भी निरंतर प्रगति कर रहा है। प्रदेश सरकार के कार्यों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ संगठन की गतिविधियों को भी प्रमुखता दी जाए। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के पास अपनी उपलब्धियां बताने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए वे गलत नैरेटिव के जरिए भ्रम फैलाने का प्रयास करते हैं। मीडिया विभाग के कार्यकर्ता विषयों का गंभीरता से अध्ययन करें और विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के आधार पर जवाब दें।

मीडिया विभाग पार्टी का चेहरा, विचारधारा को मजबूत करने की जिम्मेदारी : हेमंत खण्डेलवाल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पार्टी का मीडिया विभाग संगठन का चेहरा है। इसकी जिम्मेदारी केवल सरकार और संगठन की गतिविधियों की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि पार्टी की विचारधारा को मजबूत करना और उसे समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना भी है। मीडिया विभाग के सभी साथी विषयों का पूरा अध्ययन करें और तथ्यों के आधार पर पार्टी का पक्ष जनता के सामने रखें।

उन्होंने कहा कि विपक्ष झूठे आरोपों और भ्रामक नैरेटिव के जरिए जनता को भ्रमित करने का प्रयास करता है। ऐसे में भाजपा मीडिया विभाग को तथ्यों के साथ उसका जवाब देना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं। इन योजनाओं और उनके परिणामों की जानकारी आंकड़ों के साथ जनता तक पहुंचाई जाए।

खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा विचारधारा आधारित राजनीतिक दल है। मीडिया विभाग के कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और उसे और अधिक मजबूत बनाने के लिए सक्रियता से काम करें। जनता की सेवा और संगठन को सशक्त बनाने के लक्ष्य के साथ सभी अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779391 Articles

Share this story