राजगढ़ः पांच दिन से हड़ताल पर कोटवार, सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ कर सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः पांच दिन से हड़ताल पर कोटवार, सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ कर सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना


राजगढ़, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कलेक्ट्रेट के बाहर स्थित मनोकामना पूर्ण हनुमान मंदिर में जिलेभर के कोटवार अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर पांच दिनों से कामबंद हड़ताल पर बैठे हैं। मंगलवार को कोटवारों ने मंदिर परिसर में सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ किया। उन्होंने भगवान हनुमान से सरकार को सद्बुद्धि देने और लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा कराने की प्रार्थना की।

कोटवार संघ के जिलाध्यक्ष मनोहर सिंह सोलंकी ने बताया कि कोटवार 22 अक्टूबर से आंदोलन कर रहे हैं। आंदोलन के अगले चरण में 28 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर महारैली निकाली जाएगी। इसके बाद 30 अक्टूबर को भोपाल में प्रदेशस्तरीय प्रदर्शन किया जाएगा। संघ के अनुसार, प्रदेश के करीब 38 हजार कोटवारों को स्थायी सरकारी कर्मचारी घोषित करना और सेवा भूमि का मालिकाना हक देना उनकी प्रमुख मांगें हैं।

कोटवारों ने वर्दी की आपूर्ति में 17 करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि घटिया वर्दी देने के बजाय पहले की तरह सिलाई की राशि सीधे उनके खातों में भेजी जाए। इसके अलावा शहरों में कोटवारों के पद समाप्त नहीं करने, पढ़े-लिखे कोटवारों को पदोन्नति देने, ड्यूटी के दौरान दुर्घटना होने पर 10 लाख रुपए की सहायता देने और सेवानिवृत्ति पर मिलने वाली राशि एक लाख से बढ़ाकर पांच लाख रुपए करने की मांग भी शामिल है।

जिलाध्यक्ष ने बताया कि कटनी जिले में कोटवारों को पिछले 15 साल से निर्धारित वेतनमान नहीं मिलने का मामला भी जांच योग्य है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2007 में कोटवार पंचायत के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री ने सेवा भूमि का मालिकाना हक देने की घोषणा की थी, लेकिन कई स्थानों पर यह मामला अब भी लंबित है। संघ ने स्पष्ट किया कि मांगों पर निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा। 30 अक्टूबर को प्रदेश के सभी 55 जिलों से कोटवार भोपाल पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767810 Articles

Share this story