सहकारिता चुनाव टालने पर उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा, बोले- राजस्थान के पंचायत चुनाव परिणामों से घबराई एमपी सरकार?

WhatsApp Channel Join Now
सहकारिता चुनाव टालने पर उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा, बोले- राजस्थान के पंचायत चुनाव परिणामों से घबराई एमपी सरकार?


भोपाल, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव एक साल आगे बढ़ाने के फैसले पर सियासत शुरू हो गई है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर राज्य सरकार के निर्णय पर सवाल उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है और सहकारिता चुनाव टालने से ग्रामीण स्तर पर लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित होगी। उमंग सिंघार ने राजस्थान में हाल ही में हुए पंचायत और जिला परिषद चुनावों के परिणामों का हवाला देते हुए सवाल किया कि क्या वहां के नतीजों से प्रदेश सरकार चिंतित है?

उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सहकारिता चुनाव एक साल आगे बढ़ाने के फैसले पर पुनर्विचार करने और इसे तत्काल वापस लेने की मांग की।

किसानों को ऋण, खाद-बीज उपलब्ध कराने में अहम भूमिका

उमंग सिंघार ने कहा कि प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियां किसानों के लिए महत्वपूर्ण संस्थाएं हैं। इनके माध्यम से किसानों को खेती के लिए ऋण, खाद और बीज खरीदने के लिए आर्थिक सहायता मिलती है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब ये संस्थाएं किसानों के लिए इतनी महत्वपूर्ण हैं तो सरकार सहकारिता चुनाव कराने से पीछे क्यों हट रही है?

सिंघार के मुताबिक, सहकारी संस्थाओं के चुनाव केवल पदाधिकारियों के चयन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से गांवों में नए नेतृत्व को आगे आने का अवसर भी मिलता है। चुनाव टालने से किसानों की भागीदारी और ग्रामीण स्तर पर नेतृत्व विकसित होने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

राजस्थान के चुनाव परिणामों को लेकर उठाए सवाल

नेता प्रतिपक्ष ने सहकारिता चुनाव टालने के फैसले को राजस्थान के पंचायत और जिला परिषद चुनाव परिणामों से जोड़ते हुए सरकार से सवाल किया कि क्या वह वहां के नतीजों से चिंतित है? उन्होंने प्रदेश में किसानों के बीच खाद और बिजली की समस्याओं तथा युवाओं में रोजगार को लेकर नाराजगी का भी उल्लेख किया।

सिंघार ने कहा कि सरकार एक ओर युवा वर्ष की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर युवाओं और किसानों से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी के लोकतंत्र बचाओ अभियान का जिक्र करते हुए भी सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए।

मुख्यमंत्री से फैसला वापस लेने की मांग

नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने कहा कि सरकार के किसी भी निर्णय का खामियाजा किसानों और आम लोगों को नहीं भुगतना चाहिए। उनके अनुसार, सहकारिता संस्थाएं गांवों में किसानों की आर्थिक गतिविधियों और स्थानीय नेतृत्व का महत्वपूर्ण आधार हैं। ऐसे में चुनाव एक साल आगे बढ़ाने के फैसले पर सरकार को पुनर्विचार करना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से निर्णय वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि सहकारिता से जुड़े लोगों और किसानों के हितों को ध्यान में रखकर चुनाव कराने का रास्ता निकाला जाना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782531 Articles

Share this story