मप्र में विरासत के संरक्षण के साथ विकास की दिशा में हो रहा निरंतर कार्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

WhatsApp Channel Join Now
मप्र में विरासत के संरक्षण के साथ विकास की दिशा में हो रहा निरंतर कार्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


भोपाल, 06 दिसम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विरासत के संरक्षण के साथ विकास की बात की है। हाल ही में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत प्रवास में प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें रूसी भाषा में प्रकाशित गीता की प्रति भेंट की। मध्य प्रदेश में भी प्रधानमंत्री मोदी की विरासत से विकास की कल्पना को साकार किया जा रहा है। जहां अयोध्या में भगवान श्रीराम मुस्करा रहे हैं वही चित्रकूट धाम में विकास की पहल हुई है। ओरछा में रामराजा सरकार आध्यात्मिक क्षेत्र का विकास हो रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार शाम को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में एक समाचार पत्र के विकसित मध्य प्रदेश@2047 विरासत भी विकास भी कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 के बाद दो दशक में मध्य प्रदेश में विकास के क्षेत्र में काफी कार्य हुआ है। जहां सिंचाई क्षमता मात्र 7 लाख 50 हजार हेक्टेयर थी, जो अब 55 लाख हेक्टेयर तक पहुंच चुकी है। अब यह सिंचाई क्षमता 100 लाख हेक्टेयर के लक्ष्य की ओर बढ़ रही है। गत 2 वर्ष में ही 9 लाख हैक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हुआ है। साथ ही बीते डेढ़ दो वर्ष में अनेक नए मेडिकल कॉलेज खुल गए हैं। प्रदेश में मेडिकल कॉलेज की संख्या जो कभी सिर्फ 5 होती थी, अब बढ़ते- बढ़ते 39 तक हो चुकी है। प्रदेश में पीपीपी मॉडल को अपनाकर नए चिकित्सा महाविद्यालय खुल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में इंदौर और भोपाल दो मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र विकसित होंगे जहां अधोसंरचना विकास के कार्य हो रहे हैं। मेट्रो ट्रेन का शुभ आगमन हुआ है। मध्य प्रदेश में विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य हो रहा है। लगभग 8 लाख करोड़ रुपये के कार्य प्रारंभ करने की पहल हुई और 6 लाख लोगों को रोजगार का लाभ देने की शुरुआत हुई है।

कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवान दास सबनानी सहित अक्षत शर्मा और चंद्र लालचंदानी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अखबार द्वारा प्रकाशित विशेषांक विरासत भी-विकास भी का विमोचन किया।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story