इंदौर में दूषित पानी कांड के विरोध में कांग्रेस की न्याय यात्रा आज, सड़क पर उतरेंगे कांग्रेसी, कई बड़े नेता होंगे शामिल
इंदौर, 11 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर के भागीरथपुरा में दूषित पानी के कारण 21 लोगों की माैत हाे गई है। भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद आक्रामक हुई कांग्रेस ताकत दिखाने के लिए आज रविवार काे सड़क पर उतरेगी। इंदाैर के बड़ा गणपति चौराहे पर प्रदेश भर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एकत्रित होंगे और यहां से न्याय यात्रा निकालेंगे। न्याय यात्रा बड़ा गणपति चौराहे से शुरू होकर राजवाड़ा तक जाएगी। भागीरथपुरा में हुई घटना में जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई है उनके लिए कांग्रेस न्याय मांगेंगी।
जिला और शहर कांग्रेस ने यात्रा की जानकारी देते हुए बताया कि इंदौर के भागीरथपुरा की इस वीभत्स अपराध की जिम्मेदारी भाजपा के जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की है। इसके विरोध में कांग्रेस पार्टी विशाल न्याय यात्रा निकालने जा रही है। ये न्याय यात्रा बड़ा गणपति चौराहे से राजवाड़ा तक जाएगी। यात्रा दोपहर करीब 12 शुरू होगी। बड़ा गणपति से यात्रा शुरू होकर राजवाड़ा तक जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता शामिल होंगे। खासतौर पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा, मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी हरीश चौधरी, विवेक तन्खा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे सहित प्रदेश के कांग्रेस विधायक-पार्षद, कांग्रेस सेवादल, महिला कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल होंगे। जिला और शहर कांग्रेस दावा कर रही है कि भागीरथपुरा के पीड़ितों के लिए न्याय की मांग लेकर निकाली जा रही यात्रा में करीब 10 हजार लोग जुटेंगे।
जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े और शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि यह यात्रा पूरी तरह से एक मौन यात्रा के रूप में रहेगी। इस यात्रा के मार्ग पर कांग्रेस के द्वारा कोई स्वागत मंच नहीं लगाए गए हैं। इस यात्रा को गैर राजनीतिक यात्रा के रूप में निकाला जाएगा। इस यात्रा में कहीं कांग्रेस का झंडा नहीं होगा। केवल कांग्रेस के कार्यकर्ता नहीं बल्कि आम लोग भी यात्रा में शामिल हो रहे हैं। यह यात्रा इंदौर शहर के नागरिकों की न्याय यात्रा होगी जिसमें की भागीरथपुरा की घटना की जिम्मेदारी निर्धारित करने के लिए आवाज उठाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

