जबलपुरः गढ़ा जोन में अव्यवस्थाओं के खिलाफ युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, तालाबंदी कर जताया विरोध

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः गढ़ा जोन में अव्यवस्थाओं के खिलाफ युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, तालाबंदी कर जताया विरोध


जबलपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में शहर युवा कांग्रेस के आह्वान पर मंगलवार को पश्चिम विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष नितिन सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गढ़ा जोन क्रमांक 1 का घेराव कर तालाबंदी और प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जोन क्षेत्र के वार्डों में सफाई व्यवस्था बदहाल होने और डोर-टू-डोर कचरा वाहन नियमित रूप से नहीं पहुंचने का आरोप लगाया।

युवा कांग्रेस नेताओं का कहना था कि नगर निगम द्वारा जनता से भारी-भरकम टैक्स वसूला जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद लोगों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। कई इलाकों में सफाई व्यवस्था प्रभावित है और कचरा संग्रहण की व्यवस्था भी नियमित नहीं है।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने खराब सड़कों, टैक्स से जुड़ी परेशानियों और कथित अनियमितताओं को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने चेतावनी दी कि एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो युवा कांग्रेस आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर जोन कार्यालयों का घेराव और तालाबंदी करेगी।

युवा कांग्रेस ने निगम प्रशासन से सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, नियमित कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने तथा सड़क और टैक्स संबंधी समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story