कांग्रेस की “जल-जंगल-जमीन और किसान अधिकारों की लड़ाई तेज – 9 अप्रैल को कलेक्टर घेराव”

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस की “जल-जंगल-जमीन और किसान अधिकारों की लड़ाई तेज – 9 अप्रैल को कलेक्टर घेराव”


भोपाल, 04 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शनिवार काे खरगोन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ आदिवासी अस्मिता, साहस और अन्याय के प्रतीक टंट्या भील की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर पटवारी ने भिकनगाँव विधानसभा क्षेत्र के कोठड़ा में आयोजित जयंती समारोह में टंट्या भील जी के वंशजों का सम्मान किया और आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि टंट्या भील केवल ऐतिहासिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि आदिवासी स्वाभिमान, संघर्ष और न्याय की जीवंत प्रेरणा हैं।

पटवारी ने भाजपा सरकार पर आदिवासियों के “जल, जंगल और जमीन” के अधिकारों को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने खरगोन में टंट्या भील प्रतिमा स्थापना में हुए भ्रष्टाचार का उदाहरण देते हुए बताया कि ₹10 लाख के बजट में केवल ₹60 हजार की फाइबर प्रतिमा स्थापित की गई थी, जो आदिवासी सम्मान के साथ खिलवाड़ था। कांग्रेस के विरोध के बाद प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी और अंततः संगमरमर की प्रतिमा स्थापित की गई।

प्रदेश के किसानों की बदहाल स्थिति पर टिप्पणी करते हुए पटवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री “विज्ञापन वाले किसान पुत्र” बनकर किसानों को गुमराह कर रहे हैं, जबकि गेहूं की खरीदी समय पर नहीं हो रही है और किसान दर-दर भटक रहे हैं।

पीसीसी चीफ पटवारी ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा सरकार ने किसानों का गेहूं समय पर नहीं खरीदा, तो पूरे प्रदेश के किसान सरकार को चैन से नहीं बैठने देंगे। उन्होंने घोषणा की कि 9 अप्रैल को पूरे मध्यप्रदेश में कांग्रेस पार्टी कलेक्टर कार्यालयों का घेराव करेगी।

इस अवसर पर टंट्या भील के वंशज सुनील सिरसाटे, पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ, प्रदेश उपाध्यक्ष रवि जोशी, विधायकद्वय झुमा सौलंकी और केदार डावर, लोकसभा प्रत्याशी पोरलाल खरते, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि नाईक और जिला प्रभारी जयसिंह सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story