जबलपुर : महंगाई के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, लोगों को बांटी एक चुटकी शक्कर

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : महंगाई के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, लोगों को बांटी एक चुटकी शक्कर


जबलपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। बढ़ती महंगाई के विरोध में मौलाना अबुल कलाम आजाद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को कोतवाली थाने के बाहर प्रदर्शन किया। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशन और जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) जबलपुर अध्यक्ष सौरभ शर्मा के आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शक्कर की बढ़ती कीमतों, ई20 पेट्रोल, बढ़ती ईंधन कीमतों, बिजली बिलों और घरेलू गैस सिलेंडर के दामों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाजार में खरीदारी करने पहुंचे आम लोगों और महिलाओं को प्रतीकात्मक रूप से एक चुटकी शक्कर बांटी। इसके जरिए बढ़ती कीमतों की ओर लोगों का ध्यान आकर्षित करते हुए महंगाई के खिलाफ जनजागरण का प्रयास किया गया।

‘जनता के हक की लड़ाई जारी रहेगी’

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सिद्धांत जैन गोलू ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से आम लोगों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के हक और अधिकार की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी।

ब्लॉक उपाध्यक्ष नीलेश जैन नीटू ने कहा कि प्रदर्शन के जरिए सरकार तक जनता की परेशानी पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार इन सांकेतिक प्रदर्शनों के बाद भी महंगाई के मुद्दे पर गंभीर नहीं हुई तो जनता के हित में बड़े आंदोलन किए जाएंगे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि राशन, किराना, सब्जी, ईंधन और रसोई गैस जैसी रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतों में बढ़ोतरी से आम परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। प्रदर्शन के माध्यम से सरकार से बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे।

मौजूद

प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष शिवकुमार चौबे, सुबोध रिछारिया, सतीश तिवारी, शेखर तिवारी, एडवोकेट सुनील सोनी, अजय रावत, संजय उपाध्याय, नीलेश जैन नीटू, पं. मनीष पाठक, डॉ. अभिजीत सिंह परिहार, वीरू यादव, महेंद्र छनिया, दिलीप साहू, राज विश्वकर्मा, एडवोकेट आकाश तिवारी, मोनू खंडेलवाल, लतीफ अंसारी, अतुल सोनी, आशीष उसरेठे, आलोक गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story