महिला सशक्तिकरण पर कांग्रेस का सवाल, पुलिस बैंड में महिलाओं को अवसर क्यों नहीं?

WhatsApp Channel Join Now
महिला सशक्तिकरण पर कांग्रेस का सवाल, पुलिस बैंड में महिलाओं को अवसर क्यों नहीं?


भोपाल, 05 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता संगीता शर्मा ने राज्य में महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए पुलिस बैंड में महिलाओं की भागीदारी को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं, वहीं पुलिस बैंड जैसी सेवाओं में उन्हें अवसर नहीं मिलना चिंताजनक है।

संगीता शर्मा ने मंगलवार काे मीडिया काे जारी अपने बयान में कहा कि लैंगिक समानता केवल नीतिगत घोषणा नहीं, बल्कि संवैधानिक अधिकार है और इसे हर भर्ती प्रक्रिया में लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला सशक्तिकरण को लेकर सरकार के दावे और जमीनी स्थिति में अंतर दिखाई देता है। कांग्रेस प्रवक्ता ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के कार्यकाल का हवाला देते हुए कहा कि उस समय महिला पुलिस बैंड के गठन और प्रशिक्षण की पहल की गई थी। उनके अनुसार, यह महिलाओं को रोजगार और पहचान देने की दिशा में एक प्रयास था।

भर्ती प्रक्रिया और उपयोग पर सवाल

संगीता शर्मा ने यह भी कहा कि पुलिस बैंड में होने वाली नियुक्तियों के उद्देश्य को लेकर पारदर्शिता जरूरी है। उन्होंने प्रश्न उठाया कि क्या इन पदों का उपयोग केवल बैंड सेवा के लिए हो रहा है या अन्य गैर-प्रशासनिक कार्यों में भी किया जा रहा है। उनके अनुसार, पुलिस बल का उपयोग कानून- व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी कार्यों तक सीमित रहना चाहिए।

महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की मांग

कांग्रेस ने मांग की है कि महिला पुलिस बैंड जैसी योजनाओं को पुनः शुरू किया जाए और महिलाओं के लिए प्रशिक्षण व रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाएं। पार्टी का कहना है कि महिला सशक्तिकरण के लिए ठोस कदम उठाना आवश्यक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story