मप्र विधानसभा में यूसीसी को लेकर सदन के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा बोली- हर हाल में लागू होगा कानून

WhatsApp Channel Join Now
मप्र विधानसभा में यूसीसी को लेकर सदन के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा बोली- हर हाल में लागू होगा कानून


मप्र विधानसभा में यूसीसी को लेकर सदन के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा बोली- हर हाल में लागू होगा कानून


भोपाल, 21 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक को पेश किए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक खींचतान तेज हो गई है। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायकों ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए प्रदर्शन किया, वहीं सत्तापक्ष ने कहा कि यह कानून हर हाल में लागू होकर रहेगा, कांग्रेस चाहे कुछ भी कर ले।

विधानसभा परिसर में मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को सत्र की शुरुआत से पहले कांग्रेस विधायकों ने एक सांकेतिक नाटक का मंचन कर विरोध जताया। इस दौरान कांग्रेस विधायकों ने अपने ऊपर सांकेतिक कफन ओढ़कर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार युवाओं के रोजगार, छात्रों के भविष्य, किसानों की समस्याओं और जनहित के बुनियादी मुद्दों पर पूरी तरह निष्क्रिय बनी रहती हैै, लेकिन जैसे ही हिंदू-मुस्लिम, मंदिर-मस्जिद या भारत-पाकिस्तान जैसे सांप्रदायिक मुद्दे आते हैं, अचानक सक्रिय हो जाती है। वरिष्ठ कांग्रेस विधायक बाला बच्चन ने सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकताएं आम जनता की जरूरतों से पूरी तरह भटकी हुई हैं और वह असली जनसमस्याओं पर पर्दा डालने के लिए ध्रुवीकरण का सहारा ले रही है।

सरकार गंभीर मुद्दों पर मौन - उमंग सिंघार

प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश की जनता की समस्याओं के प्रति मुर्दों की तरह सोई हुई है। किसानों को खाद की कमी का सामना करना पड़ रहा है, युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और प्रदेश में घोटालों की परतें खुल रही हैं, लेकिन सरकार इन गंभीर मुद्दों पर मौन है। सिंघार ने सवाल उठाया कि यदि भाजपा वास्तव में जनता के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है, तो वह किसानों, बेरोजगार युवाओं, महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर चर्चा करने से क्यों बच रही है? उन्होंने कहा कि यूसीसी जैसे विषयों को जल्दबाजी में आगे बढ़ाकर भाजपा सरकार प्रदेश के असली मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है।

पांच शादियों वाले बयान पर घमासान

भाजपा विधायक दिलीप सिंह परिहार के पांच-पांच शादियों वाले बयान पर भी सदन में कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी तकरार देखने को मिली। इस पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा और भगवानदास सबनानी ने सरकार के कदम का मजबूती से बचाव किया। रामेश्वर शर्मा ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यूसीसी लागू होने से कांग्रेस की तथाकथित 'वोट बैंक की फैक्ट्री' पर हमेशा के लिए ताला लग जाएगा। वहीं, भाजपा नेताओं ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह विधेयक किसी समुदाय के खिलाफ न होकर महिलाओं के अधिकारों, लैंगिक समानता और सभी नागरिकों को समान अधिकार देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

यूसीसी को 10 लाख लोगों के समर्थन : भाजपा विधायक

विधेयक पर जनता के रुझान को रेखांकित करते हुए भाजपा विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि प्रदेश के 10 लाख से अधिक नागरिकों ने यूसीसी के पक्ष में अपनी राय दी है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों से एक समान कानून बनाने की मांग उठ रही है और कांग्रेस चाहे जितना विरोध कर ले, मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू होकर ही रहेगी। वहीं, भाजपा विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने जोर देकर कहा कि यह विधेयक राज्य की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग है। सरकार का दावा है कि मसौदे में सभी कानूनी व संवैधानिक पक्षों का ध्यान रखा गया है और इसे विधानसभा में चर्चा के बाद लागू किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story