सागरः जल संकट को लेकर कांग्रेस का मटका फोड़ प्रदर्शन
सागर, 28 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर शहर में जल संकट को लेकर जिला शहर कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव और नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और महिलाओं ने नगर निगम का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने खाली मटके फोड़कर अपना विरोध दर्ज कराया और निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मटका फोड़ प्रदर्शन में कृष्णगंज चौराहे से नगर निगम तक रैली निकाली गई, जिसमें महिलाएं खाली मटके और कुप्पियां लेकर शामिल हुईं। कमिश्नर राजकुमार खत्री के देरी से पहुंचने पर आक्रोशित प्रदर्शनकारी निगम के गेट पर ही धरने पर बैठ गए। पूर्व विधायक सुनील जैन ने चेतावनी दी कि अगर जल सप्लाई नहीं सुधरी तो इंदौर जैसी अप्रिय घटना सागर में भी हो सकती है।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने निगम कमिश्नर राजकुमार खत्री को ज्ञापन सौंपा। कमिश्नर ने बाघराज वार्ड सहित अन्य क्षेत्रों की जल समस्याओं को जल्द से जल्द हल करने का आश्वासन दिया है। इस दौरान ज्ञापन का वाचन गीता कुशवाहा ने किया और आभार रामकुमार पचौरी ने माना। इस अवसर पर पूर्व विधायक सुनील जैन, मुकुल पुरोहित, प्रदीप गुप्ता, सिन्टू कटारे, राहुल चौबे, अक्षत कोठारी, सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय महिलाएं मौजूद रहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

