बीना में कांग्रेस ने निकाली 'विकास की अर्थी', जनसमस्याओं को लेकर सरकार पर साधा निशाना

WhatsApp Channel Join Now
बीना में कांग्रेस ने निकाली 'विकास की अर्थी', जनसमस्याओं को लेकर सरकार पर साधा निशाना


सागर, 10 जुलाई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के सागर जिले के बीना विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की कथित अनदेखी और बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को मृतप्राय बताते हुए उसकी प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।

पूर्व जनपद अध्यक्ष इंदर सिंह ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित यह प्रदर्शन अंबेडकर चौराहे से शुरू हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दो प्रतीकात्मक अर्थियां तैयार कीं, जिनमें एक शहर के विकास की स्थिति और दूसरी ग्रामीण क्षेत्रों में रुके विकास कार्यों का प्रतीक थी। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए मुख्य मार्गों से होते हुए सर्वोदय चौराहे पहुंचे, जहां प्रदर्शन का समापन हुआ।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बीना शहर और आसपास के गांवों में नागरिक सुविधाएं लगातार बिगड़ती जा रही हैं। उनका कहना था कि कई प्रमुख सड़कें लंबे समय से क्षतिग्रस्त हैं, लेकिन उनकी मरम्मत नहीं कराई जा रही। अनेक इलाकों में पेयजल संकट बना हुआ है, जबकि नालियों की सफाई और स्वच्छता व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है।

कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि शहर की कई स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे रात के समय दुर्घटनाओं और असामाजिक गतिविधियों की आशंका बनी रहती है। ग्रामीण क्षेत्रों में कई विकास परियोजनाएं अधूरी पड़ी हैं तथा स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सेवाओं की स्थिति भी चिंताजनक बताई गई।

प्रदर्शन के दौरान युवाओं को रोजगार के सीमित अवसर, किसानों की समस्याओं की अनदेखी और क्षेत्रीय विकास की धीमी गति को भी प्रमुख मुद्दों के रूप में उठाया गया।

पूर्व जनपद अध्यक्ष इंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि बीना विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो रहे हैं। उनका आरोप है कि जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, जबकि प्रशासन समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नजर नहीं आता। उन्होंने कहा कि प्रतीकात्मक अर्थी निकालने का उद्देश्य जनभावनाओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना है। इस प्रदर्शन में कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्र के कई नागरिक भी शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story