गैस किल्लत पर कांग्रेस का हल्लाबोल: खाली सिलेंडर सिर पर रख तहसील पहुंचे कार्यकर्ता

WhatsApp Channel Join Now
गैस किल्लत पर कांग्रेस का हल्लाबोल: खाली सिलेंडर सिर पर रख तहसील पहुंचे कार्यकर्ता


गढ़ाकोटा/सागर, 31 मार्च (हि.स.)। एलपीजी गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों के विरोध में मंगलवार को मध्‍य प्रदेश के सागर जिले के गढ़ाकोटा में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला सागर ग्रामीण अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मौहासा के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

कार्यकर्ता शहर के फटका तिगड्डा पर एकत्रित हुए, जहां से खाली गैस सिलेंडर हाथों और सिर पर रखकर रैली निकाली गई। इस दौरान थाली बजाकर प्रदर्शनकारियों ने अपना आक्रोश जताया और सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की।

रैली तहसील कार्यालय पहुंची, जहां कांग्रेस नेताओं ने तहसीलदार महेश दुबे को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्र में गैस की कालाबाजारी और सप्लाई व्यवस्था में आ रही दिक्कतों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कई गंभीर मुद्दे उठाए। उनका कहना था कि बुकिंग के बावजूद हफ्तों तक गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर कालाबाजारी के जरिए ऊंचे दामों पर सिलेंडर बेचे जा रहे हैं। साथ ही सब्सिडी में कटौती से आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है, जिससे रसोई का बजट बिगड़ गया है।

प्रदेश प्रवक्ता ज्योति पटेल ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का हवाला देकर अपनी विफलताओं को छिपाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर गैस के दाम बढ़ाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सब्सिडी लगभग समाप्त कर दी गई है, जिससे आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story