सागर: युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, सिंहस्थ जमीन विवाद और नीट पेपर लीक को लेकर सीएम और शिक्षा मंत्री के जलाए पुतले

WhatsApp Channel Join Now
सागर: युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, सिंहस्थ जमीन विवाद और नीट पेपर लीक को लेकर सीएम और शिक्षा मंत्री के जलाए पुतले


सागर, 27 जून (हि.स.)। सागर जिले में सिंहस्थ भूमि विवाद और नीट परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। जिला शहर कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आज शनिवार को सागर के राहतगढ़ बस स्टैंड पर एकत्रित होकर राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया। इस उग्र विरोध प्रदर्शन का संयुक्त नेतृत्व युवा कांग्रेस सागर जिला उपाध्यक्ष चक्रेश रोहित अहिरवार और सागर विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष सागर साहू ने किया।

प्रदर्शन के दौरान जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उज्जैन तथा सिंहस्थ क्षेत्र में भूमि खरीद और मास्टर प्लान में किए गए बदलावों में मुख्यमंत्री और उनके परिवार की संलिप्तता के कथित आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने नैतिकता के आधार पर मुख्यमंत्री से तत्काल इस्तीफे की मांग की। वहीं, पूर्व जिला अध्यक्ष राहुल चौबे और पूर्व शहर अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री द्वारा सत्ता और पद का सरासर दुरुपयोग करके भूमि संबंधी निर्णयों को प्रभावित किया गया है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की एक उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

सागर विधानसभा अध्यक्ष सागर साहू ने देश के लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़े नीट परीक्षा विवाद को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि परीक्षा में हुई कथित धांधली और पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष चक्रेश रोहित अहिरवार ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में इस तरह के विवादों ने देश भर के लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों को गहरी चिंता और मानसिक तनाव में डाल दिया है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

प्रदर्शन की संवेदनशीलता को देखते हुए राहतगढ़ बस स्टैंड पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा वॉटर कैनन (पानी की बौछार) का उपयोग किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी बहस और हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली। हालांकि, पुलिसिया कार्रवाई के बावजूद कार्यकर्ताओं का हौसला कम नहीं हुआ और उन्होंने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराना जारी रखा।

प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को उठाना और विरोध दर्ज कराना प्रत्येक देशवासी का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने चेताया कि जब तक इन दोनों मामलों में निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार पक्षों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।

इस विरोध प्रदर्शन में रामकुमार पचौरी, मुकुल पुरोहित, राकेश राय, समीर खान, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव जैद खान, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष संदीप चौधरी, युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष आदित्य चौधरी, युवा कांग्रेस प्रदेश समन्वयक नीलेश अहिरवार सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story